सीएम से प्रीति, वसुंधरा से भींडर की मुलाकात, कांग्रेस-भाजपा में टिकट से पहले ही घमासान

उदयपुर। त्रिकोणीय संघर्ष वाली जिले की हॉट सीट वल्लभनगर विधानसभा के उप चुनाव के लिए दावेदारों और दलों में जोड़-तोड़ जोरों पर है। कांग्रेस से दावेदारी कर रही दिवंगत विधायक गजेंद्र सिंह शक्तावत की पत्नी प्रीति ने रविवार को जयपुर में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात की। प्रीति के जेठ देवेंद्र सिंह समेत चार अन्य दावेदार भी जयपुर में डटे रहे। इधर, टिकट के मामले में भाजपा और जनता सेना चौंका सकती है। भाजपा से बगावत कर जनता सेना बनाने वाले पूर्व विधायक रणधीर सिंह भींडर की पत्नी दीपेंद्र कुंवर का नाम दावेदारों में गिना जाने लगा है। इससे पार्टी के दूसरे दावेदारों, खासकर नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया के करीबियों की नींद एकबारगी उड़ गई है।

वल्लभनगर में 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री गहलोत चुनावी सभा कर सकते हैं। इसी दिन प्रदेश प्रभारी अजय माकन और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के भी आने की संभावना है। इससे पहले प्रभारी मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास मंगलवार को उदयपुर आएंगे और 8 अक्टूबर तक दौरे पर रहेंगे। बता दें, कांग्रेस में प्रीति शक्तावत, उनके जेठ देवेंद्र सिंह के अलावा भीम सिंह चूंडावत, कुबेर सिंह चावड़ा और राजसिंह झाला दावेदार हैं। भाजपा में पिछला चुनाव हारे उदय लाल डांगी, हिम्मत सिंह झाला, आकाश बागरेचा, महावीर वया, धनराज अहीर समेत 9 नाम हैं। इस बीच जनता सेना प्रमुख और पूर्व विधायक रणधीर सिंह भींडर नामांकन के लिए 8 अक्टूबर का मुहूर्त निकलवा चुके हैं। रालोपा, बीटीपी और पीपुल्स पार्टी ने भी प्रत्याशी उतारने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

यूथ कांग्रेस की गांधी संदेश यात्रा, मास्क से ले ली आजादी

भींडर में वल्लभनगर युवा कांग्रेस ने गांधी संदेश यात्रा और युवा शक्ति सभा का कार्यक्रम किया। सूरजपोल चौराहे से शक्तावत फार्म हाउस तक संदेश यात्रा निकाली गई। सभा भी हुई। कोरोना की दूसरी लहर कमजोर पड़ी ही है और तीसरी की आशंका है, लेकिन एक भी कार्यकर्ता मास्क में नहीं था।

कार्यक्रम को युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और जिला प्रभारी आशीष चौधरी, प्रदेश महासचिव अरमान जैन, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हिमांशु चौधरी, उपाध्यक्ष बबलू टांक, वल्लभनगर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कुंदन सिंह कच्छेर आदि ने संबोधित किया। जिलाध्यक्ष हिमांशु चौधरी ने बताया कि कांग्रेस के पक्ष में पड़ा हर वोट महंगाई के मुद्दे पर मोदी सरकार को जवाब होगा। कुंदन सिंह ने कहा कि दिवंगत विधायक गजेंद्र सिंह शक्तावत के अधूरे सपनों को पूरा करना है तो कांग्रेस को जिताना होगा।

यह भी पढ़े-बच्चों को संस्कारित करने के लिए सेवा भारती ने शुरू किए बाल संस्कार केंद्र