मुंबई में समय से पहले मानसून ने दी दस्तक, तेज बारिश से कई इलाकों में पानी जमा हुआ

मानसून ने मुंबई में दस्तक दे दी है। शहर में तेज बारिश हो रही है। इससे कई इलाकों में पानी जमा हो गया है। मौसम विभाग मुंबई के डिप्टी डायरेक्टर जनरनल डॉ. जयंत सरकार के मुताबिक सामान्य तौर पर मुंबई में मानसून हर साल 10 जून को पहुंचता है।

लेकिन इस बार समय से एक दिन पहले दस्तक दे दी है। मुंबई में भारी बारिश को देखते हुए लोकल ट्रेन सेवा को कुर्ला और सीएसएमटी स्टेशन के बीच सुबह 9.50 बजे से रोक दिया गया है।

मुंबई में भारी बारिश के बीच आज समुद्र में सुबह 11.45 बजे हाईटाइड आ सकती है। इस दौरान 4 से 5 मीटर की लहरें उठने की संभावना है। इस दौरान अगर भारी बारिश जारी रही तो शहर के निचले इलाके पानी में घुटनों तक डूब सकते हैं। इससे कोरोना संक्रमण काल में मुंबई की मुसीबतें और बढ़ जाएंगी।

अगले कुछ दिन में मानसून तेलंगाना, आंध्र प्रदेश के बचे हुए सभी हिस्सों में सक्रिय हो जाएगा। अगले 4-5 दिन में छत्तीसगढ़, विदर्भ, बिहार, झारखंड, गुजरात, तेलंगाना समेत करीब 14 राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक 10 जून के बाद पूर्वी भारत और उससे लगे मध्य भारत में खास कर ओडिशा और पश्चिम बंगाल के गांगीय क्षेत्र में, 11 जून को बंगाल और बिहार, 11-12 जून को पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश होने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी में इस मानसून का पहला कम दबाव का क्षेत्र तैयार हो रहा है। इसके असर से ओडिशा, सिक्किम, झारखंड, बिहार, पूर्वी यूपी, एमपी और गुजरात के कुछ हिस्सों में मानसून पहुंच जाएगा।

यह भी पढ़ें-दिल्ली में डिप्टी सीएम सिसोदिया बोले-केन्द्र को पूरी सक्रियता से बच्चों के लिए कोविड-19 रोधी टीके खरीदने चाहिए