बजट सत्र : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा-26 जनवरी को तिरंगे का अपमान दुर्भाग्यपूर्ण

संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो गया। इससे पहले राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का बजट अभिभाषण हुआ। उन्होंने 26 जनवरी को लाल किले पर हुए तिरंगे के अपमान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। कहा कि संविधान सभी को अभिव्यक्ति की आजादी देता है, अभिव्यक्ति का सम्मान करता है। वही संविधान सभी को कानून का पालन करने के लिए भी कहता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले साल पास हुए तीनों कृषि बिलों का कई राजनीतिक दलों ने समय-समय पर समर्थन किया था। इन कानूनों की दो दशकों से मांग हो रही थी।

उन्होंने भरोसा जताया कि इन कानूनों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का सरकार पालन करेगी। इस बीच, लोकसभा की कार्यवाही 1 फरवरी की सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई है। वहीं, आज शाम 3 बजे से वित्त मंत्री इकोनॉमिक सर्वे राज्यसभा में पेश करेंगी।

गलवान के शहीदों पर देश को गर्व

एलएसी पर हमारे जवानों ने एकता और अखंडता को चुनौती देने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया। लद्दाख में हमारे जाबांजों ने शौर्य, संयम और पराक्रम का परिचय दिया। जून में हमारे 20 जवानों ने गलवान में देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों को त्याग दिया। पूरा देश आप पर गर्व करता है।

यह भी पढ़ें- किसानों और स्थानीय लोगों के बीच पथराव, 5 पुलिसवाले जख्मी