प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पैरालंपिक पदकवीरों को दी बधाई

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने टोक्यो पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने पर निशानेबाज अवनि लेखरा और डिस्कस थ्रो में योगेश कथुनिया को रजत पदक जीतने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘अविस्मरणीय प्रदर्शन अवनि लेखरा। कड़ी मेहनत की बदौलत स्वर्ण जीतने पर बधाई, जिसकी आप हकदार भी थीं। कर्मशील स्वभाव और निशानेबाजी के प्रति जज्बे से आपने ऐसा संभव कर दिखाया।

भारतीय खेलों के लिए यह एक विशेष पल है। आपको भविष्य के लिये शुभकामनाएं।’’मोदी ने एक अन्य ट्वीट में कहा, योगेश कथुनिया का उत्कृष्ट प्रदर्शन। खुशी है कि वे रजत पदक घर लाये हैं। उनकी अनुकरणीय सफलता नवोदित एथलीटों को प्रेरित करेगी। उन्हें बधाई। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं।

टोक्यो पैरालंपिक में भारत की अवनि लेखरा ने 10 मीटर एयर राइफल में 229.1 प्वाइंट के साथ स्वर्ण पदक पर निशाना साधा है। पैरालंपिक में यह भारत का पहला स्वर्ण पदक है। उधर, पुरुषों की डिस्कस थ्रो में योगेश कथुनिया ने रजत पदक अपने नाम किया है।