
नेताजी सुभाष मेमोरियल संग्रहालय का करेंगे उद्घाटन
नई दिल्ली। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर 23 जनवरी को मुख्य कार्यक्रम कोलकाता में होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक प्रदर्शनी का उद्घाटन करके नेताजी सुभाष मेमोरियल संग्रहालय की शुरुआत करेंगे। 23 जनवरी को पराक्रम दिवस के मौके पर कोलकाता के साथ कटक और हरिपुरा में भी कार्यक्रम होंगे।
मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में केन्द्रीय संस्कृति मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर आजाद हिंद फौज के जीवित सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा। नेताजी के पत्रों को संपादित कर पुस्तक के तौर पर प्रकाशित किया जाएगा। प्रहलाद पटेल ने कहा कि नेताजी के जीवन से जुड़े स्थानों पर हैरिटेज वॉक होगी, आकाशवाणी और दूरदर्शन पर नेताजी से जुड़े कई कार्यक्रम होंगे। नेताजी, आईएनए पर अन्य पुस्तकों को भी प्रकाशित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नेताजी के नाम पर एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जाएगी और आईएनए के शहीदों की स्मृति में स्मारक बनाया जाएगा। कटक में बनेगा नेताजी का स्मारक केन्द्रीय संस्कृति व पर्यटन मंत्रालय नेताजी सुभाष चंद्र बोस का दो स्मारक बनाने की योजना बना रहा है। एक भव्य स्मारक उनके जन्म स्थान कटक में बनाया जाएगा। इसके साथ सभी मंत्रालय अपने अपने स्तर पर साल भर कार्य़क्रमों का आयोजन करेंगे। केंद्र सरकार ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को हर साल 23 जनवरी को पराक्रम दिवस के तौर पर मनाने का फैसला लिया है।