प्रियंका, आयुषी और सिमरन को मिला सुन्दर कांति जोशी पुरस्कार

जयपुर। राधा निवास क्रिकेट क्लब द्वारा शुरू किया राजस्थान की वर्ष की सर्वश्रेष्ठ सीनियर महिला खिलाड़ी का सुन्दर कांति जोशी पुरस्कार प्रियंका शर्मा, आयुषी गर्ग और सिमरन चौधरी को दिया गया। सुन्दर कांंति जोशी के जन्मदिन पर शनिवार को आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि और मुख्य सचेतक महेश जोशी, समारोह के अध्यक्ष एसबीआई के मुख्य महाप्रबंधक अमिताभ चटर्जी, राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव महेंद्र शर्मा और पैरा एथलीट शताब्दी अवस्थी ने तीनों खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। 

प्रियंका शर्मा को वर्ष 2020-21 में सीनियर वर्ग में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए यह पुरस्कार दिया गया है वहीं आयुषी गर्ग को वर्ष 2019-20 में सीनियर वर्ग और सिमरन चौधरी को जूनियर वर्ग में प्रदेश के इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा गया।

राधा निवास क्रिकेट क्लब के सचिव और पूर्व रणजी क्रिकेटर शरद जोशी ने बताया कि सीनियर वर्ग में पुरस्कार विजेता प्रियंका शर्मा और आयुषी गर्ग को पुरस्कार स्वरूप 21 हजार रुपए नगद, ट्राफी और क्रिकेट किट बैग तथा जूनियर वर्ग में सिमरन चौधरी को 11 हजार रुपए नगद, ट्राफी और क्रिकेट किट बैग प्रदान किया गया।

उन्होंने बताया कि पुरस्कारों का चयन एक तटस्थ चयन समिति द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर 7 मार्च को किया गया था। समिति में पूर्व रणजी क्रिकेटर योगेश माथुर, आरसीए की सीनियर चयन समिति के सदस्य डीपी सिंह, महिला चयन समिति की अध्यक्ष गंगोत्री चौहान, चयनकर्ता आस्था माथुर, पूर्व चयनकर्ता रचना कट्टा और पूर्व क्रिकेटर भारती वर्मा शामिल थे।

प्रियंका शर्मा ने वर्ष 2020-21 सत्र में बीसीसीआई द्वारा आयोजित सीनियर वनडे टूर्नामेंट में एक शतक सहित 5 मैचों में कुल 205  रन बनाए। प्रियंका का अधिकतम स्कोर 108 रन चंडीगढ़ के खिलाफ रहा। आयुषी ने वर्ष 2019-20 सत्र में 576 रन बनाए और अपनी आफ स्पिन गेंदबाजी से 16 विकेट भी हासिल किए। जूनियर वर्ग में सिमरन चौधरी ने 97 रन बनाने के साथ 9 विकेट लिए।

कार्यक्रम में राजस्थान खेल परिषद के पूर्व अध्यक्ष शिवचरण माली, ओलंपियन गोपाल सैनी, आरसीए के पूर्व सचिव सुभाष जोशी, चित्तौड़गढ़ जिला संघ के सचिव शक्ति सिंह, चूरू के सुशील शर्मा, पाली के धर्मवीर सिंह, पूर्व रणजी क्रिकेटर कमलाकर शर्मा, हेमेन्द्र सुराणा, विनोद माथुर, मोहम्मद असलम, महेश शर्मा, अनन्त व्यास समेत गणमान्य लोग मौजूद थे।Attachments area