प्रियंका गांधी आज सहारनपुर में किसान पंचायत को संबोधित करेगी, जिले में धारा-144 लगाई

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी आज मां शाकंभरी देवी मंदिर में मत्था टेकने के बाद चिलकाना में किसान पंचायत को संबोधित करेंगी। पंचायत के जरिये सियासी तीर चलाए जाएंगे तो किसानों की पीड़ा को मुद्दा बनाते हुए कांग्रेस को मजबूत करने की कोशिश की जाएगी। इस कार्यक्रम की तैयारियां कांग्रेसियों ने पूरी कर ली हैं।

सहारनपुर के चिलकाना में होने वाली किसान पंचायत में बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना है। वहीं प्रशासन ने जिले में धारा-144 लगा दी है। कांग्रेस नेता गांव-गांव जाकर लोगों को पंचायत में शामिल होने का न्योता दे रहे हैं।

पूर्व विधायक इमरान मसूद ने बताया कि बुधवार दोपहर दो बजे महासचिव प्रियंका गांधी किसान पंचायत में पहुंचेंगी। मंच तैयार है और कार्यक्रम स्थल पर लगभग 15 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

इतने ही लोगों के खड़ा होने की व्यवस्था है। पैठ बाजार और पशु मंडी स्थल में वाहन पार्किंग रहेगी। कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था को संभालने के लिए वॉलंटियर्स तैनात रहेंगे। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी जाएगी।

यह भी पढ़ें-कांग्रेस और अकाली दल के कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक झड़प में दो लोगों की मौत