राफेल: फ्रांस ने शुरु की न्यायिक जांच

rafale
rafale

नई दिल्ली। 2019 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के सबसे बड़े मुद्दों में रहे राफेल विमान को लेकर एक बार फिर बड़ी खबर आ रही है। कांग्रेस ने राफेल विमान की खरीद में केंद्र की मोदी सरकार पर सौदेबाजी में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। यह विवाद काफी दिनों तक चला।

अब एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में यह विवाद खड़ा हो गया है। फ्रांस सरकार, भारत के साथ करीब 59 हजार करोड़ रुपये के राफेल सौदे में कथित भ्रष्टाचार की न्यायिक जांच को तैयार हो गई है। इस जांच के लिए एक फ्रांसीसी जज को भी नियुक्त कर लिया गया है।

फ्रांसीसी मीडिया जर्नल मेडियापार्ट की रिपोर्ट के मुताबिक साल 2016 में दोनों देशों के बीच हुई हुए राफेल सौदे की जांच औपचारिक तौर पर 14 जून से शुरू हो गई थी। बता दें कि फ्रांसीसी वेबसाइट ने अप्रैल 2021 में राफेल सौदे के कथित अनियमितताओं को लेकर कई रिपोर्ट प्रकाशित की थी। कांग्रेस पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने फ्रांस में राफेल की जांच की शुरुआत के बाद भारत में भी राफेल सौदे में हुए कथित भ्रष्टाचार की जांच की मांग दोहराई है।

सुरजेवाला ने कहा, फ्रांस में राफेल सौदे के लिए जज की नियुक्ति हुई है। फ्रांस में मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक प्रथम दृष्टया राफेल सौदे में भ्रष्टाचार हुआ है। फ्रांस में भ्रष्टाचार पर जांच शुरू हुई है। पूर्व राष्ट्रपति फ्रांस्वा हॉलैंड, मौजूदा राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रो की भूमिका की भी जांच होगी।

कांग्रेस राफेल पर जेपीसी जांच की मांग करती है। फ्रांसीसी मीडिया जर्नल मेडियापार्ट की रिपोर्ट सामने आने के बाद राफेल की खरीद में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कांग्रेस फिर से हमलावर हो गई है।