राहुल ने सावरकर को बताया भ्रष्ट

राहुल गांधी
राहुल गांधी

बोले-अंग्रेजों की मदद करने पर सावरकर को मिलते थे पैसे

नई दिल्ली। कांगे्रस नेता राहुल गांधी ने आजादी के वक्त सावरकर के अंगे्रजों से अच्छे संबंध होने और उनसे मदद लेने का आरोप लगाया है। इस दौरान उन्होंने आरएसएस पर भी जमकर निशाना साधा। राहुल की शनिवार को भारत जोड़ो यात्रा का 31वां दिन पूरा हुआ है। उन्होंने कहा, कांग्रेस और उसके नेताओं ने आजादी की लड़ाई लड़ी। महात्मा गांधी, सरदार पटेल, जवाहर लाल नेहरू ने देश के लिए अपनी जान दी, लेकिन जहां तक मेरी समझ है आरएसएस अंग्रेजों की मदद कर रहा था और सावरकर को अंग्रेजों से पैसे मिल रहे थे। राहुल गांधी ने कहा, भारत के स्वतंत्रता आंदोलन की लड़ाई में भाजपा कहीं नहीं दिखती है।

हम भारत को जोडऩे निकले हैं…

इस दौरान राहुल गांधी ने कहा, हमारी भारत जोड़ो यात्रा भाजपा व आरएसएस द्वारा फैलाई गई हिंसा व नफरत के खिलाफ है। हम भारत को जोडऩे निकले हैं। उन्होंने पीएफआई के सवाल पर कहा, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि नफरत फैलाने वाला व्यक्ति कौन है और वह किस समुदाय से आता है। नफरत और हिंसा फैलाना एक राष्ट्र विरोधी कार्य है और हम ऐसे लोगों के खिलाफ लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है संविधान पर विश्वास रखती है।

गहलोत सरकार ने अदाणी को नहीं दी तरजीह

उद्योगपति गौतम अदाणी के कांग्रेस शासित राज्य राजस्थान में निवेश पर उठे सवालों पर राहुल गांधी ने कहा, मैं उद्योगपतियों के खिलाफ नहीं हूं, मैं एकाधिकार का विरोध करता हूं। अगर राजस्थान सरकार अदाणी को गलत तरीके से बिजनेस देती है तो मैं उसका भी विरोध करूंगा। उन्होंने कहा, गौतम अडानी ने राजस्थान को 60,000 करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया था, ऐसे प्रस्ताव को कोई भी मुख्यमंत्री मना नहीं करेगा, लेकिन राजस्थान के मुख्यमंत्री ने अडानी को कोई तरजीह नहीं दी और अपनी राजनीतिक शक्ति का दुरुपयोग नहीं किया।

यह भी पढ़ें : मुस्लिम प्राचार्य की नई करतूत, स्कूल में बनवा दी मजार