जोधपुर में बारिश का कहर, 24 घंटे से फंसे लोग

मकान ढहने से महिला की मौत

स्कूल दूसरे दिन भी बंद, पांच इंच से ज्यादा बरसात

राजस्थान में इस साल बारिश से कई रिकॉर्ड टूट रहे हैं। राज्य के कई शहरों में पानी ने जमकर तबाही मचाई है। इसमें सनसिटी जोधपुर का नाम सबसे आगे है। यहां बीते 24 घंटे में हुई बारिश ने 15 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पानी से मची तबाही का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हजारों लोग पानी के बीच फंसे हैं और दो दिन में छह लोगों की मौत भारी बरसात के कारण हो चुकी है।

जिला प्रशासन का कहना है कि शहर की 30 से ज्यादा कॉलोनियां पानी में डूबी हैं और बारिश अभी भी जारी है। इस कारण नुकसान का ठीक अंदाजा नहीं लगाया जा सकता है। दरअसल, जोधपुर में सोमवार शाम 7 बजे से शुरू हुआ बारिश का दौर बुधवार को भी जारी है। हालांकि, बरसात की स्पीड कुछ कम जरूर हुई है। इससे पहले भारी बारिश के चलते लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। वहीं, 4 ट्रेनों के रूट भी प्रभावित हैं। पिछले 24 घंटे में सवा पांच इंच से ज्यादा पानी जोधपुर शहर में बरसा है।

महिला की मौत

इधर, मंगलवार देर रात हुई बारिश के दौरान शहर के खेतानाड़ी में पहाड़ी पर बना एक मकान अचानक से ढह गया। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार खेतानाड़ी एरिया में पहाड़ी पर अयाज अली (45) का मकान अचानक ढह गया।
इस हादसे में उसकी पत्नी रमजाना बानो (40), बेटी तमन्ना बानो (18) और 13 साल का लड़का हसन अली दब गए। इस हादसे में अयाज के बेटे हसन को हल्की चोट आई। वहीं, तीनों को शहर के महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया। यहां रमजान बानो की मौत हो गई। इससे पहले मंगलवार को दिन में भी पांच लोगों की मौत हुई थी।

24 घंटे से फंसे लोग, घरों में निकला पानी

शहर के बीजेएस कॉलोनी स्थित रूप नगर में करीब 600 लोग पिछले 24 घंटे से फंसे हुए है। 130 घरों में सीवरेज के पानी से परेशानी भी बढ़ गई है। हालात यह है कि घरों में करीब 5 फीट तक पानी भरा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम से लेकर कंट्रोल रूम तक शिकायत कर चुके हैं, इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।

यह भी पढ़ें : सुप्रीम आदेश : ईडी के गिरफ्तारी के अधिकार को बरकरार रखा