5वीं मंजिल से गिरी बच्ची को रियल हीरो ने बचाया

बच्ची

बच्ची को नीचे खड़े शख्स ने किया कैच, कैमरे में कैद हुई घटना

बीजिंग। चीन में एक व्यक्ति ने देवदूत बनकर 5वीं मंजिल से गिरी बच्ची की जान बचा ली। घटना झेजियांग प्रांत के तोंगजियांग में मंगलवार की बताई जा रही है। बच्ची अचानक खिड़की से गिर गई और नीचे खड़े लोगों की उस पर नजर पड़ गई। समय रहते एक व्यक्ति और महिला ने हिम्मत दिखाकर उसे कैच कर लिया। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियन ने ट्विटर पर इस घटना का फुटेज शेयर किया है। लोग कमेंट्स कर देवदूत बने व्यक्ति को 2 साल की मासूम की जान बचाने के लिए हीरो बता रहे हैं। वीडियो फुटेज में साफ दिख रहा है कि जमीन पर खड़ा एक शख्स फोन पर बात कर रहा है। अचानक वह अपना फोन जमीन पर फेंककर बिल्डिंग की तरफ भागता है और फुटपाथ पर गिरने से पहले ही वह ऊपर से गिरती बच्ची को कैच कर लेता है। बच्ची सीधे उसकी गोद में आकर गिरती है। उसके साथ एक महिला भी बच्ची को पकड़ने में मदद करती दिख रही है।

वीडियो को मिले जबर्दस्त लाइक्स

वीडियो को 1,39,000 से ज्यादा लाइक मिल चुके हैं। इस पर यूजर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक ने लिखा कि सिर्फ फिल्मों में ही नहीं दुनिया में भी असली हीरो मौजूद हैं। दूसरे ने लिखा कि इन दोनों लोगों को एक मेडल मिलना चाहिए। अन्य यूजर ने बोला कि ऐसा करना लगभग असंभव है। वह रियल लाइफ हीरो हैं, रील लाइफ नहीं। बच्ची को बचाने वाले शख्स की पहचान 31 वर्षीय शेन डोंग के रूप में हुई है। शेन ने बताया कि वह फोन पर बात कर रहे थे, तभी जोरदार धमाका सुना। उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो एक छोटी बच्ची स्टील की छत पर गिरती दिखी। इसके बाद वह पहली मंजिल के किनारे पर आकर गिरी। वह नीचे सड़क पर गिरती, उससे पहले ही उन्होंने बच्ची को हवा में ही पकड़ लिया। बच्ची को बचाते हुए शेन का मोबाइल भी टूट गया।

बच्ची की हालत स्थिर

शेन ने बताया कि जब बच्ची पहली मंजिल की टैरेस के किनारे पर आकर गिरी, तब तक उन्‍हें इस बात का अहसास नहीं हुआ था कि यह बच्‍ची है। घटना के बाद बच्ची को अस्पताल ले जाया गया। उसके पैरों और फेफड़ों में चोट आई है, लेकिन अब उसकी हालत स्थिर है।

यह भी पढ़ें…पाकिस्तान सरकार बेचेगी अपने एसेट्स और कंपनियां… जानें क्यों?