यूरोप में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी, अब तक 1000 से ज्यादा लोगों की गई जान, जानें क्यों…

तापमान

इतिहास में पहली बार पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार

लंदन। यूरोप में भीषण गर्मी लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। जानकारी के अनुसार पूरे महाद्वीप में अब तक एक हजार से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। बढ़ती गर्मी, बढ़ता तापमान इसे और भयावह बना रहा है। जहां फ्रांस, स्पेन, पुर्तगाल और ग्रीस के जंगल सुलग उठे, वहीं ब्रिटेन की सड़कें और रेलवे ट्रैक तापमानी आग से पिघल रहे हैं। इसके पीछे कारण यह है कि यहां अब तक के इतिहास में पहली बार पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार गया है। इससे पहले 2003 में भी यूरोप हीट वेव की चपेट में आया था, जिसमें 70 हजार लोगों की जान गई थी। विशेषज्ञों का कहना है कि इस साल पश्चिमी यूरोप से उत्तर की तरफ रुख कर रही हीट वेव की तीव्रता दुनिया के बाकी हिस्सों के मुकाबले काफी ज्यादा है। चिंता की बात यह है कि यहां गर्मी के मौसम के दो महीने अब भी बचे हुए हैं।

क्या होती है हीट वेव?


किसी इलाके में तापमान सामान्य से बहुत ज्यादा बढ़ जाए और कई दिनों तक उसी स्थिति में रहे, तो उसे हीट वेव कहा जाता है। इस दौरान इलाके की ह्यूमिडिटी में भी बढ़ोत्त‌री होती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, दुनियाभर में तापमान बढ़ने के कारण हमें पानी, खाना और ऊर्जा की कमी के साथ-साथ गंभीर बीमारियां, वक्त से पहले मौत और अपंगता का सामना करना पड़ सकता है।

यह भी पढ़े…देश के कई राज्यों में जमकर बरस रहे मेघ, जानें-कहां-कहां हो रही मूसलाधार