मेवाड़ राजवंश के शाही वस्त्रों के चित्र व जानकारी वाली रॉयल टेक्सटाइल्स ऑफ मेवाड़ पुस्तक का विमोचन

उदयपुर। महाराणा मेवाड़ चेरिटेबल फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी अरविंद सिंह मेवाड़ ने रॉयल टेक्सटाइल्स ऑफ मेवाड़ पुस्तक का विमोचन किया। सह-लेखिका ज्योति जसोल, फाउंडेशन के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी भूपेंद्र सिंह आउवा और उप-सचिव मयंक गुप्ता मौजूद थे। सह-लेखिका जसोल ने बताया कि पुस्तक में मेवाड़ राज परिवार द्वारा उपयोग में लिए शाही पोशाकों की महत्वपूर्ण जानकारियां, चित्र संग्रहित हैं।

प्राचीन समय में इन वस्त्रों एवं परिधानों का तोले के हिसाब से मापन किया जाता था। महाराणाओं के समय लिखे जाने वाले बहिड़ों के अनुसार ये कपड़े बनारस से मंगवाए जाते थे। पुस्तक में मर्दाना परिधानों में अचकन, कुर्ता, कमरबंद, धोती, शॉल, पाग-पगडिय़ां आदि को सूचीबद्ध किया है। अरविन्द सिंह मेवाड़ ने बताया कि पुस्तक में प्रदर्शित परिधान व वस्त्र मेवाड़ की जीवंत विरासत का एक अहम हिस्सा है।

इनमें सिटी पैलेस संग्रहालय के जनाना महल स्थित गोकुल गैलेरी में प्रदर्शित व संग्रहित है। मेवाड़ ने अपनी राजमाता सुशीला कुमारी को पुस्तक समर्पित करते हुए बताया कि सौभाग्य और सम्मान का विषय है कि दिवंगत माता ने मेवाड़ की इस पारिवारिक विरासत को भावी पीढ़ी के लिए सावधानीपूर्वक संरक्षित और संभाल के रखा। श्रीजी ने पुस्तक के प्राक्कथन में अपने बचपन के स्मरणों का उल्लेख प्रस्तुत किया है। अनामिका पाठक व स्मिता सिंह ने पुस्तक को स्वरूप दिया।

यह भी पढ़ें- प्रतियोगिता के विजेता छात्रों का सम्मान