
मुंबई। भारत में ऑनलाइन खरीदारी का चलन तेजी से बढ़ रहा है। लोग अमेजन और फ्लिपकार्ट पर सामान खरीद रहे हैं। लेकिन साल 2020 में इन दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनियों को चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की रिलायंस रिटेल लिमिटेड ने जियो मार्ट की शुरुआत कर दी है।
जियो मार्ट में रजिस्ट्रेशन के लिए कंपनी ने जियो टेलीकॉम यूजर्स को आमंत्रण भी भेजना शुरू कर दिया है। जियो मार्ट को कंपनी ने देश की नई दुकान कहा है। इसकी शुरुआत मुंबई के नवी मुंबई, ठाणे और कल्याण से होगी। रिलायंस रिटेल ने आधिकारिक रूप से इसकी लॉन्चिंग की घोषणा कर दी है और कहा है कि आने वाले समय में इसका विस्तार किया जाएगा।
इस संदर्भ में एक अधिकारी ने कहा है कि हमने जियो मार्ट को लॉन्च कर दिया है। इसके लिए जियो यूजर्स को डिस्काउंट के लिए रजिस्टर करने के लिए आमंत्रित भी किया गया है। मौजूदा समय में यह तीन जगह पर ही उपलब्ध है, लेकिन जल्द ही इसका विस्तार किया जाएगा। जियो मार्ट एप भी जल्द ही लॉन्च की जाएगी।