विकास की डगर पर बढ़ने के लिए अपनी भाषा को सम्मान दें

अजमेर। किसी भी राष्ट्र में भावात्मक एकता स्थापित करने में वहां की भाषा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, जिस प्रदेश व राष्ट्र की भाषा समृद्ध होगी, वह राष्ट्र उतना ही मजबूत होगा। यह कहना है कि सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय से सेवानिवृत्त प्रो. एसपी गौड़ का।

वे महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग द्वारा मंगलवार को आयोजित वेबिनार में मुख्य वक्ता के तौर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाषा से संस्कृति का निर्माण होता है और संस्कृति से संस्कार का निर्माण होता है। स्वतंत्रता आंदोलन में जिन समाचार पत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, उनमें अधिकांश समाचार पत्र हिंदी भाषी थे।

प्रो. गौड़ ने कहा कि जयशंकर प्रसाद, प्रेमचंद, भारतेन्दु हरिशचंद्र औैर बालमुकुंद गुप्त आदि के साहित्य लेखन का देश की आजादी में अहम योगदान रहा है। चीन और जापान जैसे देश आज अपनी स्वभाषा के बल पर ही विकास की ओर अग्रसर हैं।

प्रो. गौड़ ने कहा कि हिंदी को आगे बढ़ाने के लिए लोगों को अंग्रेजी मानसिकता से उभरना होगा। हिंदी की शुद्धता को ही नापते रहे तो विकास की डगर पर हम पिछड़ जाएंगे। हिंदी विभाग की प्रभारी डॉ. दीपिका उपाध्याय ने स्वागत उद्बोधन दिया।

राष्ट्रीय अस्मिता का गौरव है मातृभाषा : अतिथि प्रवक्ता डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि हिंदी हमारी राष्ट्रीय अस्मिता का गौरव है। अंग्रेजी एक आरोपित भाषा है। दयानंद सरस्वती, तुलसी प्रेमचंद, विवेकानंद आदि को पढ़कर हम हिंदी के महत्व को समझ सकते हैं।

हिंदी के पास अनेक पर्यायवाची शब्द हैं और देवनागरी लिपि वैज्ञानिक लिपि हैं। सांस्कृतिक विरासत को अंग्रेजी ने लूटा है, इस अस्मिता को बचाना होगा। सांस्कृतिक प्रदूषण में हिंदी हिंगलिश बन गई है, जिसमें सुधार की महती आवश्यकता है। विद्यार्थी प्रवीण कुमार ने भी विचार व्यक्त किए। मंच संचालन अतिथि प्रवक्ता नेमीचंद तंबोली ने किया।

अजमेर में फॉयसागर रोड स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के ग्रुप केंद्र-दो परिसर में अनिल कुमार सिंह, उप महानिरीक्षक की अध्यक्षता में हिंदी दिवस का आयोजन किया गया। इस ग्रुप केंद्र में दिनांक 1 से 15 सितंबर तक आयोजित हिंदी पखवाड़े के दौरान विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों में से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला की अपील तथा महानिदेशक, केरिपुबल का हिंदी राजभाषा संदेश पढ़कर सुनाया गया। महेंद्र कुमार कमाडेंट, डॉ. विनोद कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी, अर्जुन सिंह, उप कमाडेंट, देवेंद्र मोहन शर्मा, उप कमाडेंट, रमेशचंद्र, उप कमाडेंट एवं पीएस चौहान, सहायक कमाडेंट सहित समस्त पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

ग्रुप केंद्र प्रथम में हिंदी दिवस आयोजन अरुणेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक, केरिपुबल रेंज अजमेर की अध्यक्षता में किया गया। समारोह में अजय मिश्र, पुलिस उपमहानिरीक्षक, ग्रुप केंद्र प्रथम, अनिल कुमार प्रसाद कंमाडेंट ग्रुप केंद्र प्रथम एवं ग्रुप केंद्र प्रथम केरिपुबल अजमेर स्टेशन में स्थित सभी कार्यलयाों के अधिकारियों, मंत्रालयिक कर्मचारियों और सभी संवर्ग के कर्मचारियों ने भाग लिया।

ओरिएंटल इंश्योरेंस में हिंदी पखवाड़ा 2021 का उद्घाटन : ओरिएंटल इंश्योरेंस आके स्थानीय मंडलीय कार्यालय में 14 से 28 सितंबर तक हिंदी पखवाड़ा मनाया गया। इसमें कई हिंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। कंपनी अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक के द्वारा प्रेषित संदेश का पठन किया गया।

मंडलीय प्रबंधक ओपी मीना ने अधिकाधिक काम हिंदी में करने की प्रेरणा दी। प्रशासनिक अधिकारी केबी पराशर ने कहा कि ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी में प्रति वर्ष कुछ शब्द जुडऩा हिंदी प्रेमियों के लिए गर्व की बात है। प्रशासनिक अधिकारी सिद्धांत जैन ने आभार जताया।

द-टर्निंग पॉइंट पब्लिक स्कूल में हिंदी सप्ताह का उद्घाटन : द-टर्निंग पॉइंट पब्लिक स्कूल में आज हिंदी सप्ताह प्रारम्भ हुआ। उद्घाटन के अवसर पर मुख्य अतिथि साहित्यकार डॉ. अनंत भटनागर ने कहा कि अपनी भाषा से प्यार कर तथा उसमें रच बसकर ही मनुष्य की आत्मा को संतोष प्राप्त होता है। उन्होंने बच्चों को शुद्ध हिंदी में लिखने की प्रेरणा दी और कहा कि यह पूर्ण रूप से वैज्ञानिक भाषा है। उद्घाटन के अवसर हिंदी समाचार पत्रों का महत्व विषय पर विद्यार्थियों के व्याख्यान का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम संचालन विनीता अग्रवाल व प्रियसी जैन ने दिया।

हिंदी विषयक विचार गोष्ठी आयोजित : राजकीय सार्वजनिक मंडल पुस्तकालय में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में आजादी के अमृत महोत्सव के मद्देनजर भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में हिंदी का योगदान विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई।

कार्यक्रम में साहित्यकार डॉ.पूनम पांडे, लेखक डॉ. कैलाश गोयल एवं वरिष्ठ नागरिक व समाजसेवी देवकीनंदन दाधीच ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मंडल पुस्तकालय अध्यक्ष उपेन्द्र कुमार शर्मा ने कहा कि आजादी के आंदोलन में विचारों के संप्रेषण मे हिंदी भाषा एक सशक्त माध्यम रही है। कार्यक्रम संचालन वरिष्ठ पुस्तकालय अध्यक्ष कपिल गोयल ने किया। इस अवसर पर पीसी जैन, तेजकुमार शर्मा उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- हिंदी दिवस पर हुए विभिन्न कार्यक्रम, हिंदी को बढ़ावा देने पर दिया जोर