जापान में एक हफ्ते में दूसरे तूफान ने मचाई तबाही

10 एयरपोर्ट से करीब 500 घरेलू फ्लाइट्स भी कैंसिल, साउथ कोरिया की ओर बड़ा चक्रवात

टोक्यो। जापान में एक हफ्ते में दूसरे तूफान ने दस्तक दी। इस तूफान से बिजली सप्लाई पर बड़े पैमाने पर असर पड़ा है। देश में करीब 5 लाख लोगों के घरों में बिजली गुल हो गई है। ओकिनावा समेत कई आईलैंड पर तूफान से घरों को नुकसान पहुंचा। करीब 8 लाख लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। सोमवार को तूफान खत्म होने के बाद भी कई इलाकों में यातायात प्रभावित है। कई जगहों पर बुलेट ट्रेन रद्द कर दी गई हैं। 10 एयरपोर्ट से करीब 500 घरेलू फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गई हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे में हैशेन तूफान कमजोर हुआ है। हालांकि, तूफान जाने के बाद भी भारी बारिश हो सकती है। 144 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। इसे देखते हुए लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है। फिलहाल यह तूफान साउथ कोरिया की ओर बढ़ गया है।

क्युशु रीजन में 40 लोग घायल

क्युशु रीजन में करीब 40 लोग घायल हुए हैं। सोमवार को मियाजाकी राज्य में हुए लैंडस्लाइड में चार लोग लापता हो गए और एक घायल हो गया। यहां पर करीब 4 लाख से ज्यादा घरों में बिजली सप्लाई नहीं हो पा रही है। इससे पहले यहां पर जुलाई में भी बाढ़ से काफी नुकसान हुआ था। बाढ़ से करीब 43 लोगों की मौत हो गई थी।

एक हफ्ते पहले आया था मयस्क तूफान

जापान में यह इस हफ्ते में दूसरा तूफान है। एक हफ्ते पहले यहां पर मयस्क तूफान आया था। इस दौरान जापान के तट के पास न्यूजीलैंड से 5800 जानवरों को चीन ले जा रहा कार्गो डूब गया था। इसके 43 कू्र मेंम्बर्स में से सिर्फ दो बचाए जा सके थे।