54 देशों में दूसरी लहर, दुनिया में कोरोना के 6 करोड़ मामले

दुनियाभर में कोरोना मरीजों का आंकड़ा बुधवार को 6 करोड़ के पार हो गया। मरने वालों की संख्या भी 14 लाख से ज्यादा हो चुकी है। इस बीच, कोरोना की रफ्तार एक बार फिर से तेज हो गई है। सितंबर तक दुनियाभर में रोजाना औसतन 3 लाख मरीज बढ़ रहे थे। अब रोज 6 लाख से ज्यादा मरीज आ रहे हैं।

अमेरिका, ब्राजील, फ्रांस, रूस समेत 54 देशों में कोरोना की दूसरी लहर शुरू हो चुकी है। सबसे ज्यादा असर उत्तर अमेरिका, यूरोप और एशियाई देशों में दिख रहा है। भारत में भी दूसरी लहर की आहट दिखने लगी है। पिछले हफ्ते 3 दिन ऐसे थे, जब भारत में ठीक होने वालों से ज्यादा नए मरीज आए। मतलब इन 3 दिनों में एक्टिव केस की संख्या में इजाफा हुआ है। इसके पहले लगातार 41 दिन एक्टिव केस घट रहे थे।

17 नवंबर 2019 को चीन के वुहान में पहला केस सामने आने के 223 दिन बाद यानी 27 जून को यह संख्या एक करोड़ हो गई। इसके बाद संक्रमण ने ऐसी रफ्तार पकड़ी कि महज 43 दिन में ही ये आंकड़ा 1 करोड़ से बढ़कर 2 करोड़ हो गया। इसके अगले 38 दिन में संक्रमितों की संख्या 2 से 3 करोड़ और फिर 32 दिन में 3 से 4 करोड़ हो गई। 4 से 5 करोड़ केस होने में 21 दिन लगे। वहीं, 5 से 6 करोड़ केस महज 18 दिन में ही हो गए। अगर संक्रमितों के बढ़ने की यही रफ्तार रही तो दिसंबर तक दुनियाभर में 8 करोड़ से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके होंगे।