असम में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 6 उग्रवादियों को मार गिराया, पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिले में हुई मुठभेड़

असम राइफल्स और असम पुलिस ने रविवार को ज्वॉइंट ऑपरेशन चलाकर दिमासा नेशनल लिबरेशन आर्मी के 6 उग्रवादियों को मार गिराया। मुठभेड़ नगालैंड की सीमा से सटे पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिले में हुई।

सुरक्षाबलों को यहां डीएनएलए के उग्रवादियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस बीच उग्रवादियों ने गोलीबारी कर दी। जवाबी कार्रवाई में 6 उग्रवादी मारे गए। पुलिस के मुताबिक मारे गए उग्रवादियों के पास से बड़ी तादाद में गोला-बारूद और 4 एके-47 बरामद की गई हैं।

सुरक्षाबलों का सर्च अभियान अभी जारी है। ऑपरेशन पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिले के एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस प्रकाश सोनोवाल के नेतृत्व में चलाया गया। दिमासा नेशनल लिबरेशन आर्मी की स्थापना उग्रवादियों ने 2 साल पहले की थी। संगठन दिमासा आदिवासियों के लिए एक स्वतंत्र देश बनाना चाहता है।

यह भी पढ़ें- तमिलनाडु में 24 मई से सात दिन का पूर्ण लॉकडाउन