झारखंड परिणाम पर शत्रुघन सिन्हा का तंज, ‘वन मैन शो और टू मेन आर्मी’ का खेल खत्म

पटना
झारखंड भाजपा की करारी हार के बाद बयानबाजी का दौर जारी है। कभी भाजपा में रहे शत्रुघ्न सिन्हा ने अब झारखंड के चुनाव नतीजों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ‘वन मैन शो और टू मेन आर्मी’ आपका खेल अब खत्म होने वाला है। सिन्हा ने कहा कि खामोश झारखंड भाजपा…टाटा, बाय-बाय। कांग्रेस नेता शत्रुधन सिन्हा ने ट्वीट कर कहा, खामोश! झारखंड भाजपा…टाटा-बाय-बाय! वन मेन शो और टू मेन आर्मी, जैसाकि अपेक्षा थी, ऐसा लग रहा है कि आपका खेल खत्म हो गया है। अगला-दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल और कई अन्य स्थानों का नंबर है। सिन्हा ने झारखंड के पूर्व सीएम रघुबर दास को हराने वाले सरयू राय की जमकर प्रशंसा की।

टु मेन आर्मी के घमंड की वजह से टिकट नहीं
उन्होंने कहा, सरयू राय को विशेष बधाई। सरयू राय न केवल चुनौती देने वाले बल्कि विजेता भी रहे, वह भी झारखंड के पूर्व सीएम के खिलाफ।  सिन्हा ने कहा, वन मैन शो और टू मेन आर्मी के घमंड की वजह से सरयू राय को टिकट नहीं दिया गया लेकिन उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा और झारखंड के पूर्व सीएम रघुबर दास को रिकॉर्ड मतों से हरा दिया। बता दें कि हेमंत सोरेन झारखंड के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम), कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) गठबंधन को विधानसभा चुनाव में स्पष्ट बहुमत मिला है।