महाराष्ट्र में कोरोना से बिगड़े हालात, पिछले 24 घंटे में 25 हजार से ज्यादा केस सामने आए

देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। सबसे खराब स्थिति महाराष्ट्र की है। यहां 25,681 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। यह संख्या देश में कुल मिले मरीजों में करीब 63 प्रतिशत है। इससे पहले गुरुवार को भी राज्य में 25,833 मामले सामने आए थे।

वहीं, मुंबई में भी हालात बिगड़ते जा रहे हैं। यहां पहली बार एक दिन में 3,063 लोग कोरोना पॉजिटिव आए। यह कोरोना की शुरुआत के बाद से अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले गुरुवार को ही रिकॉर्ड 2877 केस मिले थे। यहां अब तक कुल 3.55 लाख संक्रमित हो चुके हैं। इस दौरान 3.24 लाख लोग ठीक हुए और 11 हजार से ज्यादा लोगों की मौत भी हुई है।

गुजरात की हीरानगरी सूरत में शुक्रवार को रिकॉर्ड 450 केस आए। इसके बाद मनपा ने टेक्सटाइल मार्केट को शनिवार-रविवार बंद करने के निर्देश दिए हैं। मार्केट से जुड़े ज्यादातर कामगार आसपास के इलाकों से आते हैं और ज्यादातर दुकानें भी तंग गलियों में हैं। ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना मुश्किल हो जाता है। इसके बाद प्रशासन ने वीकेंड पर मार्केट बंद करने का फैसला किया।

यह भी पढ़ें-केन्द्र की रोक के बाद केजरीवाल ने कहा-हम योजना को नाम दिए बिना राशन पहुंचाएंगे