सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए समाज जागरूक रहे : ममता भूपेश

अजमेर। महिला एवं बाल विकास, राज्य मंत्री ममता भूपेश ने कहा है कि समाज को मुख्य धारा में लाने के लिए व्याप्त कुरीतियों को दूर करने के लिए सभी को जागरूक करना होगा। राज्य सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रयासरत है। इन्दिरा महिला शक्ति निधि से महिलाएं सशक्त एवं स्वावलम्बी होगी। महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री अजमेर में मॉ सावित्री बाई फूले महिला सैनी संस्थान द्वारा आयोजित चतुर्थ बेटी सम्मान समारोह एवं संयुक्त परिवार मुखिया सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि पद से संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं को स्वावलम्बी बनाने के लिए सरकार ने इन्दिरा महिला शक्ति निधि एक हजार करोड़ रुपये से बनाया है। जिससे महिलाओं को आगे बढ़ाने, आत्मनिर्भर बनाने तथा स्वावलम्बन के लिए आर्थिक मदद मिल सकेगी।

महिलाएं पुरूषों के बराबर तभी चल पायेगी जब वह स्वावलम्बी हो। उन्होंने कहा कि समाज में अनेक कुरीतियां प्रचलित है, उसे दूर करने के लिए सभी को जागरूक होना होगा। कई जगह घरेलू हिंसा का वातावरण देखा जाता है, जो आज के समय में उचित नहीं है। उसकी निन्दा की जानी चाहिए। समाज में महिलाओं को सुरक्षित जीवन जीने के लिए सुरक्षित क्षेत्र बनाने के लिए भी लोगों को आगे आना होगा। ताकि उन क्षेत्रों में महिलाये अपने आप को सुरक्षित समझ सकें तथा उनके साथ कोई अप्रिय घटना नहीं हो। उन्होंने कहा कि सभी समाज सामाजिक कुरीतियों को दूर करने तथा प्रदेश को प्रगतिशील प्रदेश बनाने का संकल्प लें।

मॉ सावित्री फूले ने समाज के उत्थान के लिए अनेक प्रयास किये
महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री ममता भूपेश ने कहा कि मॉ सावित्री बाई फूले ने समाज के उत्थान के लिए अनेक प्रयास किये। उनके विचारों को आगे बढ़ाने की जरूरत है। समाज में भ्रूण हत्या रोकने, घूंघट प्रथा हटाने जैसी कुरीतियों को दूर करने तथा शिक्षा के प्रसार के लिए उन्होंने काफी प्रयास किये थे। उसी दिशा में सभी संकल्प लेकर कार्य करें।

उन्होने बताया कि सरकार ने गत एक वर्ष के दौरान अनेक कल्याणकारी कार्यक्रम एवं योजनायें चलायी है। पेंशन योजना हो या नि:शुल्क दवा वितरण सभी से लोगों को राहत मिली है। पंचायत के जनप्रतिनिधियों की शैक्षणिक योग्यता की पाबंदी भी हटायी गयी है। समारोह में महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री ने समाज की बालिकाओं को जिन्होंने परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त किये। तथा खेलकूद के क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन किया, उन्हें सम्मानित किया। साथ ही संयुक्त परिवार जो कई वर्षो से साथ- साथ रह रहे है, उनके मुखिया को भी सम्मानित किया गया।