कभी कांग्रेस का गढ़ कहा जाता था दक्षिण भारत, अब अस्तित्व बचाना हुआ मुश्किल

कांग्रेस,congress
कांग्रेस,congress

नई दिल्ली। पुडुचेरी में वी नारायणसामी की अगुवाई वाली कांग्रेस सरकार गिरने के साथ ही काग्रेस अब पूरे देश में पूरी तरह से सिमटती नजर आ रही है। पुडुचेरी के बाद अब कांग्रेस की सिर्फ पांच राज्यों में सरकार बची है। पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार है जबकि महाराष्ट्र और झारखंड, में कांग्रेस गठबंधन में शामिल है। कभी कांग्रेस का गढ़ कहे जाने वाले दक्षिण भारत से कांग्रेस अब पूरी तरह साफ हो चुकी है।

कर्नाटक के बाद अब पुडुचेरी से भी कांग्रेस की सरकार गिर गई है। गौरतलब है कि सोमवार को फ्लोर टेस्ट में मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी हार गए। नारायणसामी ने उपराज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप दिया है। कांग्रेस के विधायक के. लक्ष्मीनारायणन और द्रमुक के विधायक वेंकटेशन के रविवार को इस्तीफा देने के बाद 33 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस-द्रमुक गठबंधन के विधायकों की संख्या घटकर 11 हो गई।

जबकि विपक्षी दलों के 14 विधायक हैं। दो साल पहले कर्नाटक में कांग्रेस की हार हुई थी। और अब पार्टी की सत्ता पुडुचेरी में भी खत्म हो गई है। वहीं अगर उत्तर भारत की बात करें तो यहां भी कांग्रेस ने 15 साल बाद सरकार बनाई थी, लेकिन 15 महीने में ही सरकार गिर गई। इसके बाद उपचुनाव में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा।