एशियन गेम्स-2026 खत्म, नीरू ने लहराया तिरंगा
जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से शुरू हुए एशियन गेम्स-2026 का रविवार को भव्य समारोह के साथ समापन हुआ। भारतीय निशानेबाज नीरू ढांडा ने समापन समारोह में ध्वजवाहक की जिम्मेदारी संभाली और शान से तिरंगा लहराया। नीरू ने खेलों में दो स्वर्ण और एक रजत समेत तीन पदक जीतकर भारत के अभियान में अहम योगदान दिया।
- एशियन गेम्स-2026 का जापान में हुआ भव्य समापन।
- नीरू ढांडा ने समापन समारोह में तिरंगा थामा।
- भारत ने 21 स्वर्ण समेत कुल 85 पदक जीते।
Asian Games 2026 Ends with Neeru Dhanda Leading India : जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स-2026 का रविवार को आधिकारिक रूप से समापन हो गया। नागोया के मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में हुए समारोह में भारतीय निशानेबाज नीरू ढांडा ने देश की ध्वजवाहक के रूप में तिरंगा थामकर भारतीय दल का नेतृत्व किया।
समापन समारोह की शुरुआत जापान के राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद अलग-अलग देशों के ध्वजवाहक अपने-अपने दल के साथ स्टेडियम में पहुंचे। भारत की ओर से नीरू ढांडा हाथ में तिरंगा लेकर आगे बढ़ीं। भारतीय दल के लिए यह पल खास रहा, क्योंकि नीरू ने इन खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक अपने नाम किए।
निशानेबाज नीरू ढांडा ने एशियन गेम्स में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीता। उनके प्रदर्शन ने भारत के अभियान को मजबूती दी और समापन समारोह में ध्वजवाहक की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए एक और सम्मान रहा।
यह भी पढ़ें : केरला ब्लास्टर्स में आए अमरिंदर और यासिर
भारत ने एशियन गेम्स-2026 में कुल 85 पदक हासिल किए। इनमें 21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य पदक शामिल रहे। भारतीय दल ने अपने अभियान का अंत पुरुष हॉकी में स्वर्ण पदक जीतकर किया और पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया।
हालांकि, भारत का प्रदर्शन पिछले एशियन गेम्स की तुलना में कमजोर रहा। 2022 में हांगझोउ में भारतीय दल ने रिकॉर्ड 107 पदक जीते थे। इनमें 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य शामिल थे। इस बार भारत के कुल पदक 22 कम रहे, जबकि स्वर्ण पदकों की संख्या में भी सात की कमी आई।
पदक तालिका में चीन ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखा। चीन ने 169 स्वर्ण, 89 रजत और 83 कांस्य सहित कुल 341 पदक जीते और शीर्ष स्थान हासिल किया।
यह भी पढ़ें : सुशासन ही भरोसे की असली नींव: उपराष्ट्रपति
जापान 83 स्वर्ण, 95 रजत और 91 कांस्य समेत 269 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। दक्षिण कोरिया ने 39 स्वर्ण, 43 रजत और 68 कांस्य सहित कुल 150 पदक जीतकर तीसरा स्थान हासिल किया।
एशियन गेम्स के अगले संस्करण की मेजबानी अब कतर की राजधानी दोहा करेगा। 2030 में होने वाले 21वें एशियन गेम्स की मेजबानी दोहा को सौंपी गई है। दोहा इससे पहले 2006 में भी एशियन गेम्स आयोजित कर चुका है।
समापन समारोह के दौरान ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया का झंडा दोहा के प्रतिनिधियों को सौंपा गया। इस मौके पर हजारों खिलाड़ी, अधिकारी और दर्शक मौजूद रहे।



