एशियन गेम्स में भारत का तीसरा मेडल, शूटिंग में पुरुष टीम को सिल्वर
नगोया में जारी एशियन गेम्स के तीसरे दिन भारत ने शूटिंग में एक और पदक अपने नाम किया। पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम ने 1890.1 अंक हासिल कर रजत पदक जीता। इसके साथ ही भारत के अब तक तीनों पदक निशानेबाजी से आए हैं। टीम के रुद्रांक्ष पाटिल और हिमांशु ढिल्लों ने व्यक्तिगत फाइनल में भी जगह बनाई है।
- एशियन गेम्स 2026: भारत के खाते में आया तीसरा पदक
- पुरुष 10 मीटर एयर राइफल: टीम ने जीता सिल्वर मेडल
- शूटिंग: भारत के तीनों पदक अब तक निशानेबाजी में
Asian Games 2026: India Wins Third Medal in Shooting: नगोया (जापान) में चल रहे 20वें एशियाई खेलों में भारत ने तीसरा पदक हासिल कर लिया है। पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक पर कब्जा जमाया। पार्थ राकेश माने, रुद्रांक्ष पाटिल और हिमांशु ढिल्लों की टीम ने कुल 1890.1 अंक जुटाए और दूसरे स्थान पर रही।
चीन ने 1899.9 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता। वहीं दक्षिण कोरिया की टीम कांस्य पदक हासिल करने में सफल रही। भारत के लिए इस नतीजे की खास बात यह रही कि एशियन गेम्स में अब तक मिले तीनों पदक शूटिंग स्पर्धाओं से आए हैं।
रुद्रांक्ष और हिमांशु ने व्यक्तिगत फाइनल में बनाई जगह
टीम इवेंट के बाद भारतीय निशानेबाजों के पास व्यक्तिगत स्पर्धा में भी पदक जीतने का मौका है। रुद्रांक्ष पाटिल ने क्वालिफिकेशन में 631.8 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया और फाइनल में पहुंच गए। हिमांशु ढिल्लों ने 630.0 अंक जुटाकर सातवें स्थान पर रहते हुए अंतिम दौर के लिए क्वालीफाई किया। वहीं पार्थ राकेश माने 628.3 अंक के साथ 11वें स्थान पर रहे और व्यक्तिगत फाइनल में जगह नहीं बना सके।
तीनों भारतीय निशानेबाजों की खास उपलब्धियां
रुद्रांक्ष पाटिल महाराष्ट्र के ठाणे से आते हैं। उन्होंने 2022 काहिरा वर्ल्ड चैंपियनशिप में व्यक्तिगत और टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। वह अभिनव बिंद्रा के बाद व्यक्तिगत वर्ल्ड चैंपियनशिप खिताब जीतने वाले दूसरे भारतीय निशानेबाज बने थे। रुद्रांक्ष विश्व रैंकिंग में नंबर-1 स्थान तक भी पहुंच चुके हैं। पार्थ राकेश माने ने 2024 में लीमा, पेरू में आयोजित ISSF जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी पहचान बनाई थी। वह जूनियर वर्ल्ड चैंपियन रह चुके हैं। हिमांशु ढिल्लों ने भी हाल के वर्षों में तेजी से अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने 2025 जूनियर वर्ल्ड कप में दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता था। 2026 एशियन चैंपियनशिप में भी उनके खाते में दो स्वर्ण पदक आए।
अन्य खेलों में भी भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन
टेबल टेनिस में सुतीर्था मुखर्जी ने महिला एकल मुकाबले में पाकिस्तान की अलीना खान को हराया। मुकाबले के पहले सेट में उन्होंने 11-3 से जीत दर्ज की। भारतीय पुरुष टेबल टेनिस टीम का पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला दोपहर 3:30 बजे होना है। सेपकटकरा में भारतीय पुरुष टीम ने अपने अभियान की शुरुआत मेजबान जापान को सीधे सेटों में हराकर की। वहीं मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में सुचिका तारियाल महिला ट्रेडिशनल 60 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। उनके सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ भारत का एक और पदक पक्का हो गया है। तैराकी में श्रीहरि नटराज ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक के फाइनल में जगह बना ली। उन्होंने 25.37 सेकंड का समय दर्ज किया। ऋषभ दास 25.41 सेकंड के साथ 10वें स्थान पर रहे और पहले रिजर्व तैराक बने।
यह भी पढ़ेंजोधपुर में भारत-जापान के बीच ऐतिहासिक उड़ान, तेजस में साथ गरजे दोनों देशों के वायु सेना प्रमुख
आज इन मुकाबलों पर रहेंगी नजरें
महिला हॉकी टीम पूल-बी में इंडोनेशिया के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। भारत ने अपने पिछले मुकाबले में उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया था।
कबड्डी में भारतीय पुरुष टीम जापान का सामना करेगी, जबकि महिला टीम का मुकाबला बांग्लादेश से होगा। बैडमिंटन में पुरुष टीम पहले दौर में बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगी।
बॉक्सिंग में 70 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ-32 मुकाबले में सुमित की भिड़ंत थाईलैंड के सिंसिरी बुनजोंग से होगी।
इस तरह शूटिंग में मिले रजत पदक ने भारत के पदक अभियान को आगे बढ़ाया है। अब रुद्रांक्ष पाटिल और हिमांशु ढिल्लों के व्यक्तिगत फाइनल पर भी भारतीय खेल प्रशंसकों की नजर रहेगी।



