भारत दौरे पर आएगी ऑस्ट्रेलिया ए, हैंड्सकॉम्ब और कोंस्टास को मौका
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भारत ए के खिलाफ होने वाली दो चार दिवसीय और तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया ए टीम का ऐलान कर दिया है। अनुभवी पीटर हैंड्सकॉम्ब की वापसी इस टीम की सबसे बड़ी खबर है। सैम कोंस्टास, झाई रिचर्डसन और ब्रेंडन डॉगेट जैसे खिलाड़ियों को भी मौका मिला है, जिससे उनके लिए सीनियर टीम में जगह बनाने का रास्ता खुल सकता है।
- ऑस्ट्रेलिया ए टीम में पीटर हैंड्सकॉम्ब की वापसी।
- सैम कोंस्टास और झाई रिचर्डसन को भी भारत दौरे का मौका।
- भारत ए के खिलाफ दो चार दिवसीय और तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे।
Australia A Announce India Tour Squad: ऑस्ट्रेलिया ए टीम इस महीने के आखिर में चार दिवसीय मुकाबलों के लिए पुडुचेरी पहुंचेगी। इसके बाद दोनों टीमों के बीच तीन 50 ओवर के मैच खेले जाएंगे। यह दौरा कई खिलाड़ियों के लिए खास है, क्योंकि भारत की परिस्थितियों में प्रदर्शन उन्हें भविष्य में ऑस्ट्रेलिया की सीनियर टीम में जगह दिलाने में मदद कर सकता है। आने वाले समय में ऑस्ट्रेलिया को भारत का दौरा भी करना है। ऐसे में भारत ए के खिलाफ मुकाबले खिलाड़ियों के लिए उपमहाद्वीपीय परिस्थितियों को समझने और खुद को तैयार करने का अहम मौका होंगे।
हैंड्सकॉम्ब के पास टेस्ट वापसी का मौका
35 वर्षीय पीटर हैंड्सकॉम्ब चार दिवसीय टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2023 में ऑस्ट्रेलिया के भारत दौरे के दौरान बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के सभी चार टेस्ट मैच खेले थे। इसके बाद से वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हैं और ऑस्ट्रेलिया ए के लिए भी नहीं खेले हैं। अब भारत के खिलाफ यह दौरा उनके टेस्ट करियर को दोबारा पटरी पर लाने का मौका दे सकता है। भारत की स्पिन और धीमी पिचों वाली परिस्थितियों में उनका अनुभव टीम के लिए भी उपयोगी माना जा रहा है।
रिचर्डसन और डॉगेट पर भी नजर
ऑस्ट्रेलिया उपमहाद्वीप की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अपने तेज गेंदबाजी विकल्पों को भी परखना चाहता है। टीम में ब्रेंडन डॉगेट और झाई रिचर्डसन को शामिल किया गया है। रिचर्डसन कंधे की कई बड़ी सर्जरी के बाद प्रथम श्रेणी क्रिकेट में वापसी कर चुके हैं। वहीं डॉगेट को भी इस दौरे पर अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा।
यह भी पढ़ें:श्रद्धा के साथ स्क्रीन शेयर करना बड़ी बात: अक्षरा
कोंस्टास समेत कई युवा खिलाड़ी शामिल
सैम कोंस्टास, नाथन मैकस्वीनी और टॉड मर्फी उन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्हें पिछले साल लखनऊ में ऑस्ट्रेलिया ए के चार दिवसीय मुकाबलों का अनुभव मिल चुका है। इन खिलाड़ियों के लिए भारत ए के खिलाफ सीरीज एक बार फिर खुद को साबित करने का मौका होगी। वनडे टीम में युवा तेज गेंदबाज महली बियर्डमैन को भी शामिल किया गया है। वह पीठ की समस्या से उबर रहे हैं, लेकिन व्हाइट-बॉल क्रिकेट में अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। मार्च में लाहौर में पाकिस्तान के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू में उन्होंने दो विकेट लिए थे।



