लाबुशेन पर फिर भरोसा, दक्षिण अफ्रीका दौरे की टीम घोषित
बांग्लादेश के खिलाफ निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद ऑस्ट्रेलिया ने मार्नस लाबुशेन को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए टीम में बरकरार रखा है। तीन मैचों की यह सीरीज 9 अक्टूबर से शुरू होगी। टीम में कूपर कोनोली, मैथ्यू कुह्नेमैन और माइकल नेसर को भी जगह मिली है, जबकि मैथ्यू रेनशॉ को सलामी बल्लेबाज के तौर पर एक और मौका दिया गया है।
- ऑस्ट्रेलिया टेस्ट टीम में मार्नस लाबुशेन को जगह मिली।
- दक्षिण अफ्रीका टेस्ट सीरीज 9 अक्टूबर से होगी शुरू।
- लाबुशेन के साथ रेनशॉ और माइकल नेसर पर भी भरोसा।
Australia Back Labuschagne for South Africa Tests: सिडनी। ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए अपनी टेस्ट टीम का ऐलान कर दिया है। बांग्लादेश के खिलाफ बल्ले से संघर्ष करने वाले मार्नस लाबुशेन को चयनकर्ताओं ने एक बार फिर मौका दिया है। दोनों टेस्ट में उनके स्कोर 1, 31 और 4 रन रहे थे, लेकिन इसके बावजूद टेस्ट क्रिकेट में टीम मैनेजमेंट का उन पर भरोसा कायम है।
लाबुशेन का टेस्ट क्रिकेट में आखिरी शतक करीब तीन साल पहले मैनचेस्टर में आया था। ऑस्ट्रेलिया ने हाल ही में उन्हें वनडे टीम से बाहर किया था, लेकिन टेस्ट फॉर्मेट में चयनकर्ताओं ने उनके अनुभव को प्राथमिकता दी है।
टीम में युवा ऑलराउंडर कूपर कोनोली को भी शामिल किया गया है। उन्होंने पिछले साल श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था और अभी तक उनके नाम सिर्फ एक टेस्ट है। बाएं हाथ के स्पिनर मैथ्यू कुह्नेमैन भी टीम का हिस्सा हैं। वह अनुभवी ऑफ स्पिनर नाथन लियोन के साथ टीम को अतिरिक्त स्पिन विकल्प देंगे।
माइकल नेसर की वापसी भी टीम की अहम खबर है। पिंडली की चोट के कारण वह बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में नहीं खेल पाए थे। हालांकि, 2025-26 एशेज सीरीज में तीन मैचों में 15 विकेट लेकर उन्होंने अपनी उपयोगिता साबित की थी। नेसर का जन्म दक्षिण अफ्रीका में हुआ है, इसलिए उनके लिए यह दौरा व्यक्तिगत तौर पर भी खास हो सकता है।
यह भी पढ़ें:अफगानिस्तान में फिर भूकंप, 4.1 की तीव्रता
सलामी बल्लेबाजी में मैथ्यू रेनशॉ को ट्रेविस हेड के साथ बरकरार रखा गया है। डार्विन में बांग्लादेश के खिलाफ हार के बाद रेनशॉ ने जेक वेदराल्ड की जगह ली थी। पिछले घरेलू शेफील्ड शील्ड सीजन में उनका प्रदर्शन प्रभावशाली रहा था और 10 पारियों में उन्होंने तीन शतक लगाए थे। हालांकि, मैके टेस्ट की एकमात्र पारी में वह सिर्फ आठ रन बना सके।
ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज 9 अक्टूबर से शुरू होगी। पहला मुकाबला डरबन के किंग्समीड में खेला जाएगा। दूसरा टेस्ट 18 अक्टूबर से गकेबरहा के सेंट जॉर्ज पार्क में होगा, जबकि तीसरा और आखिरी टेस्ट 27 अक्टूबर से केपटाउन के न्यूलैंड्स में खेला जाएगा।
2018 के विवादित दौरे के बाद यह पहली बार होगा जब ऑस्ट्रेलियाई टीम दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज खेलने उतरेगी। ऐसे में दोनों टीमों के बीच होने वाली इस सीरीज पर क्रिकेट प्रशंसकों की खास नजर रहेगी।
ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम
पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंगलिस, मैथ्यू कुह्नेमैन, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, माइकल नेसर, मैथ्यू रेनशॉ, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क और ब्यू वेबस्टर।



