कबड्डी में फिर भारत का दबदबा, ईरान को हराकर जीता गोल्ड
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक अपने नाम किया। नागोया में खेले गए फाइनल में कप्तान सुनील कुमार की अगुवाई वाली टीम ने ईरान को 40-34 से हराया। मुकाबले में उतार-चढ़ाव के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने दूसरे हाफ में जोरदार वापसी की और खिताब अपने नाम कर लिया।
- एशियन गेम्स 2026: भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड मेडल।
- भारत बनाम ईरान: फाइनल में टीम इंडिया ने 40-34 से दर्ज की जीत।
- कबड्डी गोल्ड: भारत ने लगातार दूसरी बार हासिल किया एशियाई खेलों का खिताब।
India Wins Kabaddi Gold, Beats Iran in Final : एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने एक बार फिर देश को गौरवान्वित किया है। सुनील कुमार की कप्तानी में भारत ने फाइनल मुकाबले में ईरान को 40-34 से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में कबड्डी का गोल्ड मेडल जीता।
फाइनल की शुरुआत से ही भारत और ईरान के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। शुरुआती करीब आठ मिनट तक दोनों टीमों का स्कोर 5-5 की बराबरी पर रहा। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने धीरे-धीरे लय पकड़ी और 10-8 की बढ़त बना ली। इसी दौरान राहुल को ग्रीन कार्ड भी दिखाया गया।
अर्जुन देशवाल ने लगातार सफल रेड लगाकर भारत की स्थिति मजबूत की और टीम का स्कोर 12-9 तक पहुंचाया। हालांकि ईरान ने अपने मजबूत डिफेंस के दम पर मुकाबले में वापसी की। भारतीय टीम को ऑलआउट करने के बाद ईरान ने 14-13 की बढ़त हासिल कर ली। पहले हाफ की समाप्ति तक ईरान 18-17 से आगे रहा।
यह भी पढ़ें : एशियाई खेलों में भारत की जीत, राज्यपाल बागडे ने दी बधाई
दूसरे हाफ में भी दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष जारी रहा। ईरान का डिफेंस भारतीय रेडर्स के लिए लगातार चुनौती बना रहा, लेकिन टीम इंडिया ने दबाव के बीच अपना खेल बेहतर किया।
भारत ने धीरे-धीरे मुकाबले पर पकड़ मजबूत की और ईरान को पीछे छोड़ते हुए 34-27 की अहम बढ़त बना ली। डिफेंस में सुमित ने महत्वपूर्ण अंक जुटाए, जबकि अर्जुन देशवाल ने रेडिंग में लगातार टीम को अंक दिलाए।
मैच के निर्णायक दौर में राहुल ने शानदार टैकल कर भारत की स्थिति और मजबूत कर दी। इसके बाद ईरान ने स्कोर बराबर करने की कोशिश में कुछ गलतियां कीं, जिसका भारतीय खिलाड़ियों ने फायदा उठाया।
यह भी पढ़ें : राज्यपाल से मिले दो नव नियुक्त कुलगुरु
आखिरी सीटी बजने तक भारत ने अपनी बढ़त कायम रखी और ईरान को 40-34 से शिकस्त देकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।
भारत के लिए कबड्डी में यह दोहरी खुशी का मौका रहा। पुरुष टीम से पहले भारतीय महिला कबड्डी टीम भी स्वर्ण पदक जीत चुकी है। महिला टीम ने फाइनल में ईरान को 37-34 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
पुरुष और महिला दोनों टीमों की स्वर्णिम सफलता ने एशियन गेम्स 2026 में भारतीय कबड्डी अभियान को यादगार बना दिया।



