जैवलिन में भारत का डबल धमाल
एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्धा भारत के लिए यादगार रही। नागोया में यशवीर सिंह ने 85.72 मीटर के शानदार थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि रोहित यादव ने 84.35 मीटर की दूरी तय कर ब्रॉन्ज अपने नाम किया। श्रीलंका के रुमेश थारंगा ने 88.55 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया।
- एशियन गेम्स 2026: भारत ने मेंस जैवलिन थ्रो में दो मेडल जीते।
- यशवीर सिंह: 85.72 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया।
- रोहित यादव: 84.35 मीटर की दूरी तय कर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
India Wins Two Javelin Medals at Asian Games: नागोया। एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्धा से शानदार खबर आई। नागोया सिटी मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारतीय खिलाड़ियों ने सिल्वर और ब्रॉन्ज, दोनों मेडल अपने नाम किए।
यशवीर सिंह ने अपने प्रदर्शन से सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया। उनका सबसे बेहतरीन थ्रो 85.72 मीटर का रहा, जो उन्होंने अपने छठे और आखिरी प्रयास में किया। इससे पहले प्रतियोगिता में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रयास 85.14 मीटर था।
यशवीर के आखिरी प्रयास ने मुकाबले में उनकी स्थिति को मजबूत किया और उन्होंने दूसरा स्थान हासिल कर भारत के खाते में सिल्वर मेडल जोड़ा। वहीं, रोहित यादव ने भी लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए पोडियम पर जगह बनाई।
रोहित का सर्वश्रेष्ठ थ्रो 84.35 मीटर रहा। उन्होंने यह दूरी अपने तीसरे प्रयास में हासिल की। इसके अलावा उन्होंने 77.25 मीटर, 82.40 मीटर, 82.16 मीटर और 82.15 मीटर के थ्रो किए। उनका छठा प्रयास फाउल रहा, लेकिन तीसरे प्रयास का 84.35 मीटर का प्रदर्शन उन्हें ब्रॉन्ज दिलाने के लिए पर्याप्त रहा।
यह भी पढ़ें:वामिका के पापा का था खास सपना
मुकाबले में गोल्ड मेडल श्रीलंका के रुमेश थारंगा के नाम रहा। थारंगा ने 88.55 मीटर का शानदार थ्रो करते हुए शीर्ष स्थान पक्का किया। उन्होंने अपने चौथे प्रयास में 88 मीटर का आंकड़ा पार किया था और इसके बाद आखिरी प्रयास में अपने प्रदर्शन को और बेहतर किया।
थारंगा की शुरुआत 73.53 मीटर से हुई थी। दूसरे प्रयास में उन्होंने 83.34 मीटर का थ्रो किया, जबकि तीसरा प्रयास अमान्य रहा। चौथे प्रयास में 88.33 मीटर की दूरी तय करने के बाद उन्होंने पांचवें प्रयास में फाउल किया। इसके बावजूद अंतिम प्रयास में 88.55 मीटर का थ्रो कर उन्होंने गोल्ड पर मुहर लगा दी।
इस तरह पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्धा भारत के लिए दोहरी खुशी लेकर आई। यशवीर सिंह का सिल्वर और रोहित यादव का ब्रॉन्ज मिलाकर भारत ने एक ही इवेंट में दो मेडल हासिल किए।



