BRICS खेलों में छाया भारत का योगासन, चीन-दक्षिण अफ्रीका भी हुए प्रभावित

अहमदाबाद में आयोजित ब्रिक्स पारंपरिक एवं स्वदेशी प्रदर्शन खेल 2026 में भारत के योगासन और मल्लखंभ ने विदेशी प्रतिनिधियों का ध्यान खींचा। चीन और दक्षिण अफ्रीका के प्रतिनिधियों ने योगासन की सराहना करते हुए इसे शरीर और मन के लिए उपयोगी बताया। आयोजन में 10 देशों के करीब 160 प्रतिभागियों ने अपनी पारंपरिक खेल विधाओं और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया।

  • भारत का योगासन: BRICS पारंपरिक खेलों में योगासन ने चीन और दक्षिण अफ्रीका के प्रतिनिधियों को प्रभावित किया।
  • मल्लखंभ का दमदार प्रदर्शन: अहमदाबाद में भारतीय खिलाड़ियों की कलाबाजियों पर दर्शकों ने खूब उत्साह दिखाया।
  • 10 देशों की भागीदारी: करीब 160 खिलाड़ियों ने पारंपरिक खेलों के जरिए संस्कृति और दोस्ती का संदेश दिया।

India’s Yogasana Impresses China and South Africa at BRICS Games : भारत की पारंपरिक खेल विधाओं ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान दिखाई है। अहमदाबाद के वीर सावरकर खेल परिसर में आयोजित ब्रिक्स पारंपरिक एवं स्वदेशी प्रदर्शन खेल 2026 में भारतीय योगासन और मल्लखंभ आकर्षण का केंद्र रहे। चीन और दक्षिण अफ्रीका के प्रतिनिधियों ने योगासन में खास दिलचस्पी दिखाई और इसके अभ्यास से जुड़े अनुभव साझा किए।

एक दिवसीय आयोजन में 10 देशों के लगभग 160 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। यहां अलग-अलग देशों के पारंपरिक खेलों, शारीरिक कौशल और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। चीन के वुशू, ब्राजील के जिउ-जित्सु और कजाखस्तान के तोगुजकुमालक जैसे खेलों ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा।

यह भी पढे : संकट में दुनिया, भारत की ‘पावर टू एंपावर’ सोच पर PM मोदी का जोर

दक्षिण अफ्रीका के दल प्रमुख फिलासांडे मकविली ने योगासन को शरीर और मन को तरोताजा रखने, तनाव कम करने और लचीलेपन में सुधार करने वाली गतिविधि बताया। उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका में भी लोग योग का अभ्यास करते हैं और इसे पसंद करते हैं। हालांकि, इसके लिए नियमित मेहनत और अभ्यास की जरूरत होती है।

वहीं, चीन के दल प्रमुख यी लियू ने कहा कि उनके प्रतिनिधिमंडल ने आयोजन के दौरान योग के बारे में काफी कुछ देखा और सीखा। उन्होंने अभ्यास सत्र में छोटे बच्चों को योग की विभिन्न गतिविधियां करते हुए देखने का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, चीन का दल योगासन के बारे में और जानना चाहता है।

अहमदाबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भारतीय युवा खिलाड़ियों ने मल्लखंभ पर शानदार प्रदर्शन किया। उनकी फुर्ती और हैरतअंगेज कलाबाजियों को देखकर मौजूद करीब तीन हजार दर्शकों ने उत्साह जताया। इससे पहले भारतीय दल ने लयबद्ध योगासन का प्रदर्शन किया था।

यह भी पढे :सऊदी अरब पर हूती का मिसाइल हमला नाकाम, दो बैलिस्टिक मिसाइलें तबाह

भारत ने जून में आयोजित पहली विश्व योगासन चैंपियनशिप में भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया था। आयोजकों के आंकड़ों के मुताबिक, प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों ने 114 पदक जीते, जिनमें 102 स्वर्ण पदक शामिल थे। इस चैंपियनशिप में 79 देशों के 522 खिलाड़ियों ने भाग लिया था।

कार्यक्रम में खिलाड़ियों ने एक-दूसरे की खेल विधाओं को समझने और उनकी तकनीक सीखने में भी रुचि दिखाई। चीन के एक वुशू खिलाड़ी ने भारतीय खेल प्राधिकरण के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, नारायणपुरा के खिलाड़ियों के साथ कुछ तकनीकें साझा कीं।

चीन के दल प्रमुख यी लियू ने भारत में मिले स्वागत और मेहमाननवाजी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि उनके दल के सदस्यों को हवाई अड्डे से लेकर आयोजन स्थल तक गर्मजोशी से स्वागत मिला। भारतीय और अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों का अनुभव भी उनके लिए यादगार रहा।

रूस के प्रतिनिधिमंडल की प्रमुख ज़्लाता याकोवलेवा ने भी आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स देशों के बीच दोस्ती और एक साथ खेलों में भागीदारी ऐसे आयोजनों का खास पहलू है।

Related Articles

Back to top button