राष्ट्रीय खेल दिवस पर युवाओं से जुड़ेंगे मोदी
राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के मौके पर 27 अगस्त को देशभर में ‘खेलो इंडिया डायलॉग-खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ’ आयोजित होगा। प्रधानमंत्री मोदी वर्चुअल माध्यम से युवाओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद 1500 से अधिक स्थानों पर युवा, खिलाड़ी और शैक्षणिक संस्थान एक साथ जुड़कर खेल, प्रतिभा और खिलाड़ियों से जुड़े मुद्दों पर संवाद करेंगे।
- खेलो इंडिया डायलॉग: 27 अगस्त को 1500 से अधिक स्थानों पर राष्ट्रव्यापी आयोजन।
- प्रधानमंत्री मोदी: वर्चुअल संबोधन के जरिए युवाओं और खिलाड़ियों से जुड़ेंगे।
- राष्ट्रीय खेल दिवस: दिग्गज खिलाड़ी युवाओं के साथ साझा करेंगे अनुभव और संघर्ष।
Khelo India Dialogue to Connect Youth with PM Modi and Sports Icons : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर इस बार खेल और युवाओं के बीच संवाद को नई दिशा देने की तैयारी है। 27 अगस्त को देशभर में ‘खेलो इंडिया डायलॉग-खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पहल का उद्देश्य युवाओं को खेल से जुड़े विषयों पर अपनी बात सीधे रखने का अवसर देना है।
खेल मंत्रालय के मुताबिक, इस अभियान में 1500 से अधिक स्थानों पर युवा, खिलाड़ी और शैक्षणिक संस्थान एक साथ भाग लेंगे। आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी, एम्स, प्रमुख मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालयों सहित कई संस्थानों के विद्यार्थी भी इससे जुड़ेंगे।
यह भी पढ़ें :त्यौहारों से पहले चीनी की कड़वाहट, सरकार ने कसी लगाम
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी के वर्चुअल संबोधन से होगी। इसके बाद देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रतिभागी स्थानीय स्तर पर संवाद और अन्य गतिविधियों में शामिल होंगे। युवाओं से चार तय विषयों पर विचार और सुझाव भी लिए जाएंगे।
खास बात यह होगी कि खेल में रुचि रखने वाले युवाओं को कई नामी खिलाड़ियों और पदक विजेताओं से सीधे बातचीत का मौका मिलेगा। दीपा कर्माकर, साइना नेहवाल, गगन नारंग, श्रीजेश, मैरी कॉम, बाइचुंग भूटिया, गोपीचंद, अंजू बॉबी जॉर्ज, कर्णम मल्लेश्वरी, मीराबाई चानू और पी.टी. उषा जैसी हस्तियां युवाओं के साथ अपने खेल सफर और उससे जुड़े संघर्ष साझा करेंगी। जाने-माने क्रिकेटर भी इस संवाद का हिस्सा होंगे।
यह भी पढ़ें : ‘महाकाली’ के टीजर में छाए अक्षय खन्ना
कार्यक्रम में सांसदों, विधायकों, केंद्रीय मंत्रियों, राज्यमंत्रियों और राज्य के खेल मंत्रियों की भागीदारी भी रहेगी। सरकार का मानना है कि ऐसे संवाद से युवा खिलाड़ियों की आवाज सामने आएगी और खेलों को लेकर उनकी जरूरतों व सुझावों को समझने का अवसर मिलेगा।



