9 सेंटीमीटर से चूके नीरज, फिर भी चमका भाला
लुसाने डायमंड लीग में नीरज चोपड़ा ने 88.05 मीटर का थ्रो कर 2026 का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और दूसरे स्थान पर रहे। श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिरागे ने 88.14 मीटर के साथ खिताब अपने नाम किया। दोनों के बीच सिर्फ नौ सेंटीमीटर का अंतर रहा, लेकिन नीरज के प्रदर्शन ने आगामी बड़ी प्रतियोगिताओं से पहले सकारात्मक संकेत जरूर दिए।
- नीरज चोपड़ा ने लुसाने डायमंड लीग में 88.05 मीटर का सीजन-बेस्ट थ्रो किया।
- डायमंड लीग में नीरज सिर्फ 9 सेंटीमीटर के अंतर से खिताब जीतने से चूक गए।
- रुमेश पथिरागे ने 88.14 मीटर के थ्रो से नीरज को पीछे छोड़ते हुए लगातार तीसरी जीत दर्ज की।
Neeraj Misses Lausanne Gold by 9cm : लुसाने में नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर दिखा दिया कि बड़े मंच पर उनका भाला कभी भी कमाल कर सकता है। भारतीय स्टार ने लुसाने डायमंड लीग में 88.05 मीटर का थ्रो करते हुए इस सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। हालांकि, खिताब उनसे महज नौ सेंटीमीटर दूर रह गया। श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिरागे ने 88.14 मीटर के थ्रो के साथ बाजी मार ली।
नीरज का दूसरा प्रयास इस मुकाबले का सबसे खास पल रहा। पहले प्रयास में उन्होंने 83.54 मीटर भाला फेंका था, लेकिन दूसरे प्रयास में उन्होंने दूरी बढ़ाते हुए 88.05 मीटर का आंकड़ा छू लिया। इस थ्रो के साथ वह कुछ समय के लिए प्रतियोगिता में शीर्ष पर पहुंच गए।
यह भी पढ़ें : ‘स्पिरिट’ विवाद में दीपिका का इशारों में जवाब?
लेकिन पथिरागे ने ज्यादा देर इंतजार नहीं किया। श्रीलंकाई खिलाड़ी ने अपने तीसरे प्रयास में 88.14 मीटर का थ्रो कर नीरज को फिर पीछे छोड़ दिया। इसके बाद दोनों में से कोई भी खिलाड़ी अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को बेहतर नहीं कर सका और आखिरकार पथिरागे ने पहला स्थान अपने नाम कर लिया।
ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स 86.69 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वहीं केशॉर्न वालकॉट 83.71 मीटर के साथ चौथे स्थान पर रहे।
यह भी पढ़ें : टीवी विज्ञापनों पर 12 मिनट की सीमा खत्म
खिताब भले ही नीरज के हाथ नहीं आया, लेकिन 88.05 मीटर का प्रदर्शन उनके लिए बड़ी राहत लेकर आया है। यह उनका 2026 का सर्वश्रेष्ठ थ्रो है और पिछले साल जून में पेरिस डायमंड लीग में 88.16 मीटर फेंकने के बाद उनका सबसे लंबा प्रयास भी है। यानी नीरज ने एक बार फिर 88 मीटर की रेंज में वापसी कर ली है।
इस सीजन में नीरज और पथिरागे की टक्कर अब खास प्रतिद्वंद्विता का रूप लेती दिख रही है। लुसाने से पहले भी पथिरागे ने नीरज को पीछे छोड़ा था और अब वह लगातार तीसरी बार भारतीय स्टार से आगे रहे हैं। लुसाने की जीत उनके लिए इस सीजन की तीसरी डायमंड लीग जीत भी है।



