श्रीलंकाई क्रिकेटर ने बताया हाल-पेट्रोल के लिए दो दिन लाइन में खड़े रहे

श्रीलंकाई

प्रैक्टिस के लिए भी नहीं जा पा रहे

श्रीलंका में हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। यहां की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है और तेल सहित कई जरूरी सामनों की भारी कमी हो चुकी है। पेट्रोल और डीजल की भारी कमी के चलते लोग कई दिनों तक कतारों में खड़े रहकर तेल भरवा रहे हैं। श्रीलंका के युवा क्रिकेटर चमिका करुणारत्ने भी इनमें से एक हैं। 2019 में अपने देश के लिए पहला मैच खेलने वाला यह खिलाड़ी श्रीलंका के आर्थिक संकट से परेशान है।
शनिवार को एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में करुणारत्ने ने बताया कि दो दिन तक कतार में खड़ा रहने के बाद उन्हें तेल मिल गया है। ईंधन की भारी कमी के चलते वो अपनी प्रैक्टिस के लिए भी नहीं जा पा रहे हैं। भारत के बारे बात करते हुए करुणारत्ने ने कहा कि श्रीलंका के लिए भारत बड़े भाई की तरह है। उसने हमारी बहुत मदद की है। मैं इस समर्थन के लिए भारत को धन्यवाद देना चाहता हूं। हम जानते हैं कि हम बड़े संकट से गुजर रहे हैं और भारत ने हमारी बहुत मदद की है। भारत के साथ हमारा इतिहास पहुत गहरा है। हम मौजूदा समय में संघर्ष कर रहे हैं। भारत ने हमारे लिए जो भी किया है उसके लिए हम धन्यवाद देते हैं। हम समय के साथ बेहतर होते जाएंगे।

एशिया कप की मेजबानी श्रीलंका के पास

श्रीलंका को इसी साल अगस्त के महीने में एशिया कप 2022 की मेजबानी करनी है, लेकिन पूरे देश में आर्थिक संकट फैला हुआ है। आजादी के बाद से पहली बार श्रीलंका में तेल की इतनी ज्यादा कमी हुई है। हालातों से परेशान क्रिकेट खिलाडिय़ों को भी नहीं पता है कि आगे क्या होने वाला है। चमिका करुणारत्ने ने बताया कि ऐसे अहम दिन पर वो तेल भरवाने इसलिए आए हैं, क्योंकि लंका प्रीमियर लीग और दो अहम सीरीज के मैचों का एलान हो चुका है।
करुणारत्ने ने आगे कहा, एशिया कप आ रहा है और लंका प्रीमियर लीग भी इसी साल होना है। मुझे नहीं पता कि क्या होगा, क्योंकि मुझे प्रैक्टिस के लिए कोलंबो और बाकी जगहों पर जाना होगा साथ ही क्लब सेशन में भी शामिल होना होगा। ईंधन की कमी के चलते मैं प्रैक्टिस के लिए नहीं जा पा रहा हूं। दो दिनों से मैं कहीं नहीं जा पाया क्योंकि मैं पेट्रोल के लिए लंबी कतार में खड़ा हूं। किस्मत से मैंने 10 हजार रुपये का तेल भरवा लिया है, जो अधिकतम दो से तीन दिन तक चलेगा।
चमिका का कहना है कि एशिया कप 2022 के लिए वो और उनकी टीम तैयार हैं, लेकिन वो फिलहाल मौजूदा हालातों को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा, हम एशिया कप के लिए तैयार हैं और मुझे लगता है कि इस बड़े इवेंट के लिए देश पर्याप्त ईंधन उपलब्ध कराएगा। हम ऑस्ट्रेलिया के साथ खेल रहे हैं और मैच अच्छे रहे। एशिया कप के लिए भी तैयारी चल रही है।

यह भी पढ़ें : बाबर के ट्वीट पर विराट की प्रतिक्रिया न मिलने से नाराज हैं अफरीदी