राजस्थान के 16 RAS अफसर बने IAS, लिस्ट में CM की करीबी भी
राजस्थान प्रशासनिक सेवा के 16 अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नति मिली है। केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। प्रमोट होने वालों में मुख्यमंत्री की संयुक्त सचिव अंजू राजपाल, RAS एसोसिएशन के अध्यक्ष महावीर खराड़ी और मंत्री के विशिष्ट सहायक उम्मेद सिंह भी शामिल हैं। नई पोस्टिंग के लिए अधिकारियों को पंचायत चुनाव के बाद तक इंतजार करना पड़ सकता है।
- RAS से IAS प्रमोशन : राजस्थान के 16 अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नति मिली।
- CM की संयुक्त सचिव अंजू राजपाल और RAS एसोसिएशन अध्यक्ष महावीर खराड़ी का नाम भी सूची में शामिल।
- IAS अधिकारियों की नई पोस्टिंग पंचायत चुनाव के बाद होने की संभावना है।
16 RAS officers from Rajasthan promoted to IAS : राजस्थान के प्रशासनिक महकमे में 16 अधिकारियों की पदोन्नति के साथ बड़ा बदलाव हुआ है। राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) के इन अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में शामिल किया गया है। केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से आदेश जारी होने के बाद प्रशासनिक गलियारों में नई जिम्मेदारियों और संभावित पोस्टिंग को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
यह भी पढ़ें ; त्योहारों से पहले एक्शन में CM, पुलिस पर गिरी गाज
पदोन्नति पाने वालों में मुख्यमंत्री की संयुक्त सचिव अंजू राजपाल, RAS एसोसिएशन के अध्यक्ष महावीर खराड़ी और उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के विशिष्ट सहायक उम्मेद सिंह प्रमुख नाम हैं। सूची में तीन महिला अधिकारी भी शामिल हैं। इन अधिकारियों का चयन वर्ष 2025 की रिक्तियों के आधार पर किया गया है।
जयपुर में हुई थी चयन प्रक्रिया की अहम बैठक
IAS में पदोन्नति के लिए 1998 और 1999 बैच के RAS अधिकारियों के नामों पर विचार किया गया था। पिछले महीने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की बोर्ड बैठक में 18 अधिकारियों के नाम प्रस्तावित किए गए, जिनमें से 16 को पदोन्नति मिली। इस प्रक्रिया की खास बात यह रही कि बैठक दिल्ली के बजाय पहली बार जयपुर में आयोजित की गई।
पंचायत चुनाव के बाद मिल सकती है नई जिम्मेदारी
IAS बनने के बाद भी इन अधिकारियों को फिलहाल अपने मौजूदा पदों पर काम करना होगा। पंचायत चुनाव से जुड़ी आचार संहिता के कारण तत्काल बड़े स्तर पर तबादले होने की संभावना कम है। ऐसे में चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रशासनिक फेरबदल हो सकता है। इसी दौरान पदोन्नत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपे जाने की संभावना है।
मुख्यमंत्री कार्यालय से नगर निगम तक तैनात अधिकारी
पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों का अनुभव कई महत्वपूर्ण विभागों तक फैला हुआ है। इनमें मुख्यमंत्री कार्यालय, तकनीकी शिक्षा, पशुपालन, अल्पसंख्यक मामलात एवं वक्फ, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, पंजीयन एवं मुद्रांक, जनजाति क्षेत्रीय विकास और उद्योग एवं वाणिज्य विभाग में काम कर रहे अधिकारी शामिल हैं। इनमें से कई अधिकारी एसडीओ, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, नगर निगम आयुक्त और मंत्रियों के विशिष्ट सहायक जैसे पदों पर भी सेवाएं दे चुके हैं।
इन 16 अधिकारियों को मिला IAS प्रमोशन
उम्मेद सिंह: 1998 बैच के अधिकारी और मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के विशिष्ट सहायक। वे चूरू, बूंदी, महवा, सपोटरा और केशोरायपाटन में एसडीओ रह चुके हैं।
अंजू राजपाल: 1998 बैच की अधिकारी और मुख्यमंत्री की संयुक्त सचिव। वे कार्मिक विभाग में संयुक्त सचिव तथा लोकायुक्त के ओएसडी के रूप में भी काम कर चुकी हैं।
विवेक कुमार: जयपुर में पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग के अतिरिक्त महानिरीक्षक (प्रशासन)। मुख्यमंत्री के संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
मुकेश कुमार शर्मा: जयपुर स्थित राज्य सूचना आयोग में सचिव। मुख्य सचिव कार्यालय और मुख्यमंत्री कार्यालय में भी सेवाएं दे चुके हैं।
महेंद्र कुमार शर्मा: तकनीकी शिक्षा विभाग में संयुक्त सचिव। पूर्व मंत्रियों रघु शर्मा, बीडी कल्ला और रामेश्वर रणवां के विशिष्ट सहायक रह चुके हैं।
डॉ. भागचंद बघाल: जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) में अतिरिक्त आयुक्त। मुख्यमंत्री कार्यालय और राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड में भी तैनात रहे हैं।
असलम शेर खान: अल्पसंख्यक मामलात एवं वक्फ विभाग में संयुक्त सचिव। निंबाहेड़ा, बेगूं, अलवर और कोटा में एसडीओ रह चुके हैं।
नरेंद्र कुमार बंसल: जयपुर नगर निगम में अतिरिक्त आयुक्त। पूर्व श्रम मंत्री टीकाराम जूली के विशिष्ट सहायक के रूप में भी काम कर चुके हैं।
महावीर खराड़ी: उदयपुर में जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के अतिरिक्त आयुक्त (द्वितीय) और RAS एसोसिएशन के अध्यक्ष। विभिन्न जिलों में एसडीओ के पद पर सेवाएं दे चुके हैं।
मेघना चौधरी: अजमेर में पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग की अतिरिक्त महानिरीक्षक। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर में सचिव रह चुकी हैं।
ओमप्रकाश जैन: उदयपुर स्थित माणिक्य लाल वर्मा आदिम जाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक।
राजेश सिंह: अजमेर में राजस्व मंडल के सदस्य। जयपुर प्रथम, दूदू और सांगानेर में एसडीओ रह चुके हैं।
मदन लाल नेहरा: अजमेर में राजस्व मंडल के सदस्य। जोधपुर स्थित सरदार पटेल पुलिस, सुरक्षा एवं दाण्डिक न्याय विश्वविद्यालय में रजिस्ट्रार भी रह चुके हैं।
दिनेश कुमार जांगिड़: जयपुर में पशुपालन विभाग के संयुक्त सचिव। विभिन्न जिलों में एसडीओ के तौर पर सेवाएं दे चुके हैं।
पूनम प्रसाद सागर: जयपुर में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की अतिरिक्त आयुक्त। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग में संयुक्त सचिव रह चुकी हैं।
गोपाल राम बिरदा: जयपुर के जवाहर कला केंद्र में अतिरिक्त महानिदेशक। प्रारंभिक शिक्षा विभाग, कॉलेज शिक्षा और कोटा नगर निगम में अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वे कई जिलों में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भी रह चुके हैं।
यह भी पढ़ें ; स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर सख्ती, डेंगू और स्क्रब टाइफस पर फोकस
इस पदोन्नति से राजस्थान प्रशासनिक सेवा के इन अधिकारियों को IAS कैडर में आने का अवसर मिला है। अब सबकी नजर पंचायत चुनाव के बाद होने वाले संभावित प्रशासनिक फेरबदल पर रहेगी, जिसमें इन अधिकारियों की नई तैनाती को लेकर तस्वीर साफ हो सकती है।



