राजस्थान पुलिस की 25 महिला जवान बनेंगी कमांडो

राजस्थान पुलिस की आरएसी और एमबीसी कैडर से चयनित 25 महिला पुलिसकर्मी अब एनएसजी के विशेष कमांडो प्रशिक्षण से गुजरेंगी। मानेसर में 24 अगस्त से शुरू होने वाला यह 12 सप्ताह का गहन प्रशिक्षण 13 नवंबर तक चलेगा। रवाना होने से पहले एडीजी आर्म्स बटालियन्स रूपेन्द्र सिंघ ने जवानों को अनुशासन, आधुनिक हथियार तकनीक और जीरो एरर पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।

  • राजस्थान पुलिस की 25 महिला जवान एनएसजी कमांडो प्रशिक्षण लेंगी।
  • महिला जवानों का 12 सप्ताह का प्रशिक्षण मानेसर में 24 अगस्त से शुरू होगा।
  • एनएसजी कमांडो प्रशिक्षण में अनुशासन और आधुनिक हथियार तकनीक पर जोर रहेगा।

25 female personnel of the Rajasthan Police will become commandos : राजस्थान पुलिस की 25 महिला कार्मिक अब राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के कठिन और विशेष कमांडो प्रशिक्षण का हिस्सा बनेंगी। आरएसी और एमबीसी कैडर से चयनित इन महिला पुलिसकर्मियों को 24 अगस्त 2026 से मानेसर स्थित एनएसजी प्रशिक्षण केंद्र में 12 सप्ताह का गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण का निर्धारित कार्यक्रम 13 नवंबर 2026 तक चलेगा।

राजस्थान पुलिस की 25 महिला जवान बनेंगी कमांडो
Image Source : Via Dipr

प्रशिक्षण के लिए रवाना होने से पहले रविवार को पांचवीं बटालियन आरएसी, घाटगेट जयपुर में महिला कार्मिकों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, आर्म्स बटालियन्स राजस्थान रूपेन्द्र सिंघ ने जवानों से संवाद कर प्रशिक्षण की गंभीरता और उसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी।

यह भी पढ़ें ; ‘अपनी जड़ और भाषा पर गर्व करें’, अभ्युदय-2026 में पूर्व छात्रों की सीख

एडीजी ने जवानों से कहा कि एनएसजी प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने अत्याधुनिक हथियार तकनीक को समझने और हर कार्य में ‘जीरो एरर’ की नीति अपनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह का प्रशिक्षण पुलिसकर्मियों की पेशेवर दक्षता और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता को मजबूत करता है।

उन्होंने कहा कि कमांडो प्रशिक्षण का मकसद जवानों को ऐसी विशेष क्षमता देना है, जिससे वे मुश्किल हालात में नागरिकों की सुरक्षा के लिए आत्मविश्वास और पूरी तैयारी के साथ काम कर सकें। ब्रीफिंग के दौरान उन्होंने ‘सर्वत्र सर्वोत्तम सुरक्षा’ के मूल मंत्र का उल्लेख करते हुए सभी महिला कार्मिकों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें प्रशिक्षण के लिए शुभकामनाएं दीं।

ब्रीफिंग के बाद एडीजी रूपेन्द्र सिंघ ने सभी 25 महिला पुलिसकर्मियों को राजकीय वाहन से राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड प्रशिक्षण केंद्र, मानेसर, हरियाणा के लिए रवाना किया। अब ये जवान अगले 12 सप्ताह तक कठिन प्रशिक्षण के अलग-अलग चरणों से गुजरेंगी।

यह भी पढ़ें ; वरिष्ठ नागरिकों को स्वस्थ रहने के दिए खास टिप्स

इस मौके पर पुलिस उप महानिरीक्षक, आरएसी विनित बंसल के साथ चतुर्थ और पांचवीं बटालियन आरएसी के कमांडेंट भी मौजूद रहे। राजस्थान पुलिस की इन महिला कार्मिकों का एनएसजी प्रशिक्षण में चयन पुलिस बल में विशेषज्ञ कौशल और पेशेवर प्रशिक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button