युवा लीडर्स डायलॉग के लिए राजस्थान में 50 हजार से ज्यादा रजिस्ट्रेशन
‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027’ के लिए राजस्थान में युवाओं की भागीदारी तेजी से बढ़ रही है। अब तक 50 हजार से अधिक युवा माय भारत पोर्टल पर डिजिटल क्विज के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। 15 से 29 वर्ष के युवाओं को इस मंच के जरिए नवाचार, नेतृत्व और विचार नीति निर्माताओं तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा, जिससे युवा सीधे राष्ट्रीय विकास से जुड़ेंगे।
- युवा लीडर्स डायलॉग के लिए राजस्थान में 50 हजार से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया।
- माय भारत पोर्टल पर 30 सितंबर तक डिजिटल क्विज में भाग लेने का मौका।
- चयनित युवा राष्ट्रीय ग्रैंड फिनाले में नई दिल्ली में अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
Over 50,000 registrations in Rajasthan for the Youth Leaders Dialogue : युवाओं के विचारों और नेतृत्व क्षमता को देश की विकास प्रक्रिया से जोड़ने की दिशा में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027’ का राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया गया है। राजस्थान में इस पहल को लेकर युवाओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है। प्रदेश में अब तक 50 हजार से ज्यादा युवा माय भारत पोर्टल पर डिजिटल क्विज के लिए पंजीकरण करा चुके हैं।

मंगलवार को आयोजित राज्य स्तरीय प्रेस वार्ता में ‘माय भारत’ राजस्थान के राज्य निदेशक देवेंद्र व्यास ने कार्यक्रम की रूपरेखा और चयन प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान पत्र सूचना कार्यालय के सहायक निदेशक अमित कनौजिया भी मौजूद रहे। व्यास ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में जिला युवा अधिकारी और माय भारत स्वयंसेवक स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में युवाओं को अभियान से जोड़ने के लिए लगातार गतिविधियां कर रहे हैं।

कार्यक्रम का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि युवाओं के नवाचार, शोध आधारित सोच और नेतृत्व क्षमता को नीति निर्माण से जोड़ना है। 15 से 29 वर्ष की आयु के युवाओं को इस मंच के माध्यम से अपने विचार राष्ट्रीय स्तर पर नीति निर्माताओं और विशेषज्ञों के सामने रखने का अवसर मिलेगा।
ऐसे होगा चयन
पहले चरण में 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन डिजिटल क्विज आयोजित किया जा रहा है। इसमें शामिल शीर्ष 10 प्रतिशत प्रतिभागी, अधिकतम 4 लाख तक, दूसरे चरण में पहुंचेंगे। इसके बाद 5 से 19 अक्टूबर के बीच निर्धारित विषयों पर 500 शब्दों की ऑनलाइन निबंध प्रतियोगिता होगी।
यह भी पढ़ें ; राजस्थान में AB InBev का बड़ा निवेश, नीमराना में नई ब्रूअरी शुरू
निबंध प्रतियोगिता के बाद प्रत्येक जिले से चुने गए शीर्ष 50 प्रतिभागी 10 से 16 नवंबर के बीच जिला स्तरीय पीपीटी प्रेजेंटेशन राउंड में हिस्सा लेंगे। प्रत्येक जिले से दो श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय VBYLD के लिए होगा। यह चरण 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 के बीच आयोजित किया जाएगा।
राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को मिलाकर राज्य टीम तैयार की जाएगी। यह टीम 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय ग्रैंड फिनाले में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेगी और अपने विचारों को राष्ट्रीय मंच पर रखेगी।
सिर्फ क्विज तक सीमित नहीं आयोजन
VBYLD 2027 में युवाओं की अलग-अलग प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए कई अन्य ट्रैक भी रखे गए हैं। सांस्कृतिक ट्रैक में समूह लोक नृत्य, समूह लोक गीत, चित्रकला, भाषण और काव्य पाठ जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इसके अलावा ‘डिजाइन फॉर भारत’ के जरिए देश की चुनौतियों के समाधान, ‘हैक फॉर सोशल कॉज’ में तकनीकी नवाचार और ‘यूथ एंटरप्रेन्योर्स चैलेंज’ में स्टार्टअप विचारों को मंच दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें ; रणबीर की ‘राम’ कास्टिंग पर उठी आपत्ति
लोकतांत्रिक समझ और नीति-विमर्श को बढ़ावा देने के लिए ‘एकीकृत युवा संसद’ का भी आयोजन होगा। राज्य निदेशक ने राजस्थान के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में माय भारत पोर्टल से जुड़ने और इस राष्ट्रीय पहल में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।



