राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट का आगाज, 700 से ज्यादा टूरिज्म कंपनियां जुटीं
जयपुर के आमेर फोर्ट में राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट 2026 के छठे संस्करण का भव्य आगाज हुआ। ‘स्टोरीज, जर्नीज, स्माइल्स: वन स्टेट, टू मार्ट्स, एंडलेस अपॉर्चुनिटीज’ थीम पर आयोजित मार्ट में देशभर से करीब 300 ट्रैवल एजेंट्स और राजस्थान की 700 से अधिक प्रॉपर्टीज व टूर कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। 18 और 19 सितंबर को बीटूबी बैठकें होंगी, जबकि 19 सितंबर को प्रदर्शनी आम लोगों के लिए खुलेगी।
- राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट का आमेर फोर्ट में भव्य उद्घाटन
- 700 से अधिक प्रॉपर्टीज और टूर कंपनियां मार्ट में शामिल
- 19 सितंबर को पब्लिक के लिए खुलेगी एग्जीबिशन
जयपुर के ऐतिहासिक आमेर फोर्ट में गुरुवार को राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट (RDTM) के छठे संस्करण का उद्घाटन हुआ। इस बार मार्ट की थीम ‘स्टोरीज, जर्नीज, स्माइल्स: वन स्टेट, टू मार्ट्स, एंडलेस अपॉर्चुनिटीज’ रखी गई है। आयोजन में घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ राजस्थान के नए और कम चर्चित पर्यटन स्थलों को देशभर के ट्रैवल बाजार तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।

पर्यटन सचिव शुचि त्यागी ने कहा कि घरेलू पर्यटन भारत के पर्यटन विकास का अहम आधार है और राजस्थान देश के प्रमुख पसंदीदा पर्यटन स्थलों में शामिल है। उन्होंने बताया कि राज्य में घरेलू पर्यटकों की संख्या में लगातार सकारात्मक रुझान देखने को मिल रहा है। सरकार पर्यटन इकोसिस्टम को मजबूत करने, निवेश आकर्षित करने और स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए नई नीतियों पर काम कर रही है।
यह भी पढ़ें ; गहलोत लगाएं आरोप नहीं, कांग्रेस के गिरते जनाधार पर करें आत्ममंथन : मदन राठौड़
उन्होंने कहा कि आज के पर्यटक केवल पारंपरिक पर्यटन स्थलों तक सीमित नहीं रहना चाहते। वे स्थानीय संस्कृति और वास्तविक अनुभवों से जुड़ी यात्राओं को भी प्राथमिकता दे रहे हैं। राजस्थान में वेडिंग, ग्रामीण पर्यटन, वाइल्डलाइफ, इको-टूरिज्म, वेलनेस, एडवेंचर, आध्यात्मिक और मॉनसून पर्यटन के साथ MICE टूरिज्म की भी व्यापक संभावनाएं हैं।
नए पर्यटन सर्किट और स्थानीय अनुभवों पर जोर
पर्यटन सचिव ने कहा कि सरकार का प्रयास राजस्थान को सालभर पर्यटन के लिए आकर्षक बनाए रखने का है। इसके लिए कम चर्चित पर्यटन स्थलों, नए सर्किट और स्थानीय अनुभवों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसका फायदा स्थानीय समुदायों के साथ कारीगरों, उद्यमियों, होमस्टे संचालकों और गाइड समेत पर्यटन से जुड़े दूसरे लोगों तक पहुंचाने का प्रयास है।
पर्यटन आयुक्त रुक्मणी रियार ने कहा कि राजस्थान में क्षेत्र विशेष की जरूरत और पर्यटकों की बदलती पसंद के अनुसार नए पर्यटन उत्पाद विकसित करने की जरूरत है। RDTM के माध्यम से नए घरेलू बाजारों तक पहुंच बनाने और यात्रियों को पारंपरिक सर्किट से आगे नए गंतव्यों तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन के जरिए राज्य की GDP को दोगुना करने का लक्ष्य है। इसके लिए सरकार, पर्यटन उद्योग और स्थानीय समुदायों के बीच लगातार समन्वय जरूरी है। उनके अनुसार ऐसे आयोजन उद्योग से सुझाव लेने और जमीनी स्तर की चुनौतियों को समझने में उपयोगी साबित होते हैं।
300 ट्रैवल एजेंट्स, 700 से ज्यादा प्रॉपर्टीज
एफएचटीआर अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह शाहपुरा ने कहा कि कोविड के बाद राजस्थान में घरेलू पर्यटन का फुटफॉल बढ़ा है। उन्होंने सीकर के खाटू श्यामजी मंदिर में आने वाले बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का उदाहरण देते हुए पर्यटन हितधारकों से प्रदेश के अनछुए स्थलों को भी अपनी इटिनरी में शामिल करने की अपील की।
एफएचटीआर के सेक्रेटरी जनरल तरुण बंसल ने RDTM को पर्यटन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण मंच बताया। उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियां रोजगार और कारोबार के नए अवसर पैदा करने के साथ राजस्थान की पहचान और गुडविल को भी मजबूत करती हैं।
यह भी पढ़ें ; जयपुर के परकोटे में भीषण हादसा! 25 दुकानें खाक, साढ़े 7 घंटे बाद आग पर काबू
वहीं, एफएचटीआर एवं RATO के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप सिंह चंदेला ने दो दिवसीय मार्ट की रूपरेखा और थीम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार 700 से अधिक होटलियर्स अपने पर्यटन उत्पादों को प्रदर्शित करेंगे।
आयोजन में Adventure Tour Operators Association of India के अध्यक्ष तेजबीर सिंह आनंद, Horse India की कैरोलिन मूरी और FICCI के कंसल्टिंग सीईओ आशीष गुप्ता ने भी पर्यटन क्षेत्र में बदलते ट्रेंड, नए अवसरों और भविष्य की संभावनाओं पर अपने विचार रखे।
कम चर्चित पर्यटन स्थलों को मिलेगी जगह
कार्यक्रम में एफएचटीआर की ओर से तैयार फिल्म प्रदर्शित की गई, जिसमें राजस्थान के कम चर्चित पर्यटन स्थलों को सामने लाया गया। इसके अलावा राजस्थान पर्यटन विभाग की फिल्म भी दिखाई गई।
इस मौके पर एफएचटीआर मैगजीन, HRAR मैगजीन और स्टेपवेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट का विमोचन किया गया। सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की पहल के तहत कामायचा प्रोजेक्ट में कलाकार संदीप रत्नू और नियाज खान को कामायचा वाद्ययंत्र भेंट किया गया। कामायचा राजस्थान की पारंपरिक लोक संगीत विरासत का अहम हिस्सा है।
18 और 19 सितंबर को B2B बैठकें
RDTM की प्रदर्शनी और B2B बैठकें 18 और 19 सितंबर को बी.एम. बिड़ला कन्वेंशन सेंटर में होंगी। 18 सितंबर को सुबह 10 बजे प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा। इसके बाद रजिस्टर्ड बायर्स और सेलर्स के बीच पहले से तय B2B बैठकें होंगी।
इन बैठकों में देशभर से आए ट्रैवल एजेंट्स राजस्थान की होटल, हॉस्पिटैलिटी, पर्यटन और अनुभव आधारित सेवाओं के बारे में जानकारी लेंगे। इस साल करीब 300 ट्रैवल एजेंट्स और राजस्थान की 700 से अधिक प्रॉपर्टीज व टूर कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। आयोजन के दौरान 21 हजार से अधिक B2B बैठकों की उम्मीद जताई गई है।
इस बार RDTM में पहली बार इवेंट्स और वेडिंग इंडस्ट्री को भी विशेष मंच दिया गया है। इसका उद्देश्य राजस्थान के कम प्रसिद्ध क्षेत्रों की कला, संस्कृति, विरासत और खान-पान को व्यापक बाजार तक पहुंचाना है।
19 सितंबर को आम लोगों के लिए खुलेगी प्रदर्शनी
मार्ट के अंतिम दिन 19 सितंबर को B2B बैठकों का सिलसिला जारी रहेगा। इसी दिन दोपहर 2 बजे से प्रदर्शनी आम लोगों के लिए भी खोल दी जाएगी। ऐसे में आम लोग राजस्थान के अलग-अलग पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी उत्पादों के बारे में जानकारी ले सकेंगे।
आयोजन के दौरान जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बावड़ियों के संरक्षण और पारंपरिक कामायचा वाद्ययंत्र की सांस्कृतिक पहचान को बचाने जैसी पहलों पर भी जोर दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें ; राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने युवाओं से की नशामुक्त समाज बनाने की खास अपील
RDTM 2026 का आयोजन फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म ऑफ राजस्थान (FHTR) की ओर से राजस्थान सरकार के पर्यटन विभाग के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजन को HRAR, RATO, Indian Heritage Hotels Association, IATO और ADTOI समेत कई पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी संस्थाओं का समर्थन मिला है। इस वर्ष CREDAI Tourism Wing भी आयोजन में भागीदारी कर रहा है।
कार्यक्रम के समापन पर FHTR के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह पचार ने धन्यवाद दिया। संचालन राधिका पचार ने किया। इस अवसर पर RATO अध्यक्ष महेंद्र सिंह राठौड़, FHTR उपाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश और कोषाध्यक्ष राजेंद्र सिंह जोधा समेत अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।



