अजमेर में हर वार्ड का बनेगा स्पेशल सफाई प्लान, 150 करोड़ के ड्रेनेज प्रोजेक्ट पर बड़ा फैसला
अजमेर नगर निगम के नए बोर्ड के साथ शहर की सफाई, कचरा प्रबंधन और जल निकासी व्यवस्था को व्यवस्थित करने की तैयारी तेज हो गई है। हर वार्ड के लिए सफाई प्लान बनेगा, तीन कचरा ट्रांसफर सेंटर विकसित होंगे। पार्किंग, अतिक्रमण, वेंडिंग जोन, सार्वजनिक शौचालय और जलभराव जैसे मुद्दों पर भी चरणबद्ध काम किया जाएगा। यातायात सुधार पर जोर रहेगा।
- अजमेर के प्रत्येक वार्ड के लिए अलग सफाई योजना बनेगी, जिसकी नियमित मॉनिटरिंग महापौर अनामिका शर्मा करेंगी।
- शहर में जलभराव की समस्या खत्म करने के लिए 150 करोड़ के ड्रेनेज प्रोजेक्ट और आनासागर सीवरेज डायवर्जन पर तेजी से काम होगा।
- वेंडिंग व नॉन-वेंडिंग जोन तय होंगे और मुख्य सड़कों व बस स्टैंड से अस्थायी अतिक्रमणों को हटाने के लिए अभियान चलेगा।
A special sanitation plan will be prepared for every ward in Ajmer : अजमेर नगर निगम के नए बोर्ड के गठन के बाद शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सोमवार को सर्किट हाउस में महापौर अनामिका शर्मा, निगम आयुक्त गौरव बुढानिया और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर सफाई, जल निकासी, यातायात, पार्किंग, सौंदर्यीकरण और अतिक्रमण समेत कई मुद्दों की समीक्षा की।
बैठक में देवनानी ने कहा कि शहर की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई जाएं और उनके क्रियान्वयन की नियमित निगरानी हो। उन्होंने महापौर और पार्षदों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि विकास कार्यों का लाभ सभी वर्गों तक पहुंचना चाहिए। अजमेर की रैंकिंग में सुधार के लिए नगर निगम, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों को मिलकर काम करने की आवश्यकता बताई गई।
हर वार्ड के लिए बनेगा सफाई प्लान
शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रत्येक वार्ड का अलग सफाई प्लान तैयार किया जाएगा। इसमें वार्ड की जरूरत के अनुसार सफाई कर्मचारियों, जमादारों और कचरा संग्रहण वाहनों की व्यवस्था तय की जाएगी। महापौर को इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
शहर में तीन स्थानों पर कचरा ट्रांसफर सेंटर विकसित करने की योजना भी सामने रखी गई। होटल और गेस्ट हाउस का सर्वे कराने के साथ बस स्टैंड, चौपाटी और अन्य प्रमुख स्थानों से अस्थायी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़ें ; जेन-जी के लिए आएगा स्पेशल यूथ बजट, सरकार ने शुरू की तैयारी
नगर निगम जल्द ही वेंडिंग और नॉन-वेंडिंग जोन भी तय करेगा। इसके बाद ठेले और केबिन निर्धारित स्थानों पर ही संचालित किए जा सकेंगे। स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ भी अभियान चलाया जाएगा।
जलभराव से निपटने पर जोर
बैठक में शहर के प्रमुख नालों की सफाई और निर्माण कार्य समय पर पूरा करने को कहा गया। करीब 150 करोड़ रुपये के ड्रेनेज प्लान पर जल्द काम शुरू करने और एस्केप चैनल में पानी की निर्बाध निकासी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
आनासागर में नालों का पानी पहुंचने से रोकने के लिए सीवरेज और ड्रेनेज डायवर्जन से जुड़े करीब 22 करोड़ रुपये के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। आनासागर पुलिस चौकी से चामुंडा तिराहे तक नालियों और नालों की सफाई, बोराज तिराहा और टेलीफोन एक्सचेंज चौराहे पर जलभराव का स्थायी समाधान तथा वरुण सागर रोड और भागचंद सोनी नगर क्षेत्र में जल निकासी सुधारने को कहा गया।
नागफणी तिराहा और वैशाली नगर स्थित बधिर स्कूल के सामने सीवरेज चैंबर की समस्या का स्थायी समाधान करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि सड़क पर गंदा पानी जमा होने की परेशानी दूर हो सके।
पार्किंग और यातायात व्यवस्था होगी बेहतर
अजमेर में पार्किंग और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा अजमेर विकास प्राधिकरण से नगर निगम में शामिल हुई कॉलोनियों के आवासीय पट्टों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
परिसीमन के बाद निगम क्षेत्र में शामिल काजीपुरा, रावत नगर, पीपली चौक, न्यू गोटा कॉलोनी, कृष्णा विहार और वरुण सागर रोड की कॉलोनियों में सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए। इन इलाकों में सफाई कर्मचारियों और ऑटो ट्रिपर की उपलब्धता पर भी नजर रखने को कहा गया।
शहर में आवारा कुत्तों और बंदरों को पकड़ने तथा मुख्य मार्गों से गोवंश हटाने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए।
सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों की भी समीक्षा
बैठक में आनासागर के आसपास लेजर शो, एरिएटर्स और वाटर स्पोर्ट्स विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। सर्कुलर रोड के डिवाइडर पर लगी हेरिटेज लाइटों को दुरुस्त करने और जरूरत के अनुसार नई लाइट लगाने को कहा गया। क्षतिग्रस्त डिवाइडरों की मरम्मत और नवीनीकरण भी कराया जाएगा।
जयपुर रोड पर करीब 8.5 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रवेश द्वार से अंबेडकर सर्किल तक का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। गांधी भवन पुस्तकालय, पटेल स्टेडियम में करीब 2.98 करोड़ रुपये के उन्नयन कार्य और नई स्ट्रीट लाइट लगाने की प्रगति पर भी चर्चा हुई।
बजरंगगढ़ के पास केसरबाग पुलिया के टेंडर हो चुके हैं और इसका काम जल्द शुरू करने को कहा गया। वरुण सागर में प्रस्तावित झूलेलाल प्रतिमा के प्लेटफॉर्म का काम पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
वार्ड 67 में सावित्री कॉलेज से विजयलक्ष्मी पार्क तक नाले के निर्माण की प्रगति देखी गई। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत रीजनल चौपाटी, बर्ड पार्क और पाथ-वे पर लगाई गई लाइटों को नगर निगम को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए गए।
सार्वजनिक शौचालयों पर भी निगरानी
शहर के सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति सुधारने के लिए उनका सर्वे कराने और जरूरी मरम्मत तत्काल कराने को कहा गया। टूटे नल, हैंडवॉश, पानी की उपलब्धता और जर्जर भवनों जैसी समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए गए। मुंदड़ी मोहल्ला पिंक टॉयलेट के निर्माण कार्य की भी समीक्षा हुई।
महापौर अनामिका शर्मा ने सड़क, नाली, पेयजल और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से सीधे जुड़े कार्यों का नियमित निरीक्षण करने और जरूरत के अनुसार सुधार सुनिश्चित करने को कहा।
यह भी पढ़ें ; खैरथल-तिजारा बनेगा देश का नया औद्योगिक हब, सीएम भजनलाल शर्मा ने दी 117 करोड़ की सौगात
नई शामिल हुई कॉलोनियों में ऑटो ट्रिपर की नियमित व्यवस्था और सफाई कार्यों को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। महापौर ने सार्वजनिक और पिंक टॉयलेट की नियमित सफाई व रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि ये सुविधाएं नागरिकों के उपयोग के लिए साफ, व्यवस्थित और पूरी तरह कार्यशील रहनी चाहिए। बैठक में निगम के तकनीकी अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



