जयपुर पहुंची नशामुक्त भारत रैली, DGP ने दिलाई शपथ

नशे के खिलाफ जागरूकता और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर निकली राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली गुरुवार को जयपुर के ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल पहुंची। राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने राइडर्स का उत्साह बढ़ाया और नशामुक्ति की शपथ दिलाकर रैली को हरी झंडी दिखाई। ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ थीम वाली यह रैली अब अजमेर के लिए रवाना हो गई है।

  • नशामुक्त भारत रैली जयपुर पहुंची: अल्बर्ट हॉल पर पुलिस बैंड और जयपुरवासियों ने किया स्वागत।
  • DGP राजीव कुमार शर्मा का संदेश: बाइक राइडर्स को बताया नशामुक्त भारत का संदेशवाहक और दिलाई शपथ।
  • रैली का अगला पड़ाव अजमेर: इसके बाद चित्तौड़गढ़, उदयपुर और गांधीनगर तक पहुंचेगी रैली।

Anti-Drug Motorcycle Rally Reaches Jaipur : नशे के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाने और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने निकली राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली गुरुवार सुबह जयपुर के ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल पहुंची। यहां पुलिस बैंड की धुनों और जयपुरवासियों की तालियों के बीच राइडर्स का स्वागत किया गया। राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने रैली में शामिल प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

जयपुर पहुंची नशामुक्त भारत रैली, DGP ने दिलाई शपथ
Image Source : Via dipr

इसके बाद डीजीपी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को अजमेर के लिए रवाना किया। ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ थीम पर निकाली जा रही इस रैली का मकसद युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है।

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि रैली में शामिल बाइक राइडर्स की वर्दी, भाषा और खानपान भले ही अलग-अलग हों, लेकिन उनका लक्ष्य एक है नशामुक्त भारत का निर्माण। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वर्ष 2029 तक देश को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है। इसे हासिल करने के लिए समाज के हर वर्ग को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी।

उन्होंने राइडर्स को संबोधित करते हुए कहा कि वे सिर्फ यात्री नहीं, बल्कि नशामुक्त भारत के संदेशवाहक हैं। उनकी सबसे बड़ी ताकत अनुशासन है। डीजीपी ने यह भी कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

यह भी पढे : जयपुर में स्वच्छता अभियान 6.0 पर मंथन, विभागों के बीच समन्वय पर जोर

कार्यक्रम के दौरान डीजीपी ने बाइक राइडर्स को नशे से दूर रहने और अपने परिवार व समाज को नशामुक्त रखने की शपथ दिलाई। साथ ही राष्ट्रीय एकता बनाए रखने और किसी भी आयोजन में नशीले पदार्थ नहीं परोसने का संकल्प भी दिलाया।

उन्होंने बताया कि राजस्थान पुलिस जल्द ही नशामुक्त राजस्थान के लिए व्यापक अभियान शुरू करेगी। इसकी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। डीजीपी ने राइडर्स को 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में शामिल होने के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

अल्बर्ट हॉल के सामने रैली में शामिल प्रतिभागियों ने विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, पुलिसकर्मियों और आमजन से संवाद किया। उन्होंने बताया कि नशे का असर केवल व्यक्ति के शरीर और मन तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा परिवार इसकी चपेट में आ सकता है।

यह भी पढे : जयपुर में बुमराह के साथ L&T फाइनेंस का गोल्ड लोन कैंपेन लॉन्च

राइडर्स ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए युवाओं का स्वस्थ और नशामुक्त रहना जरूरी है।

इस राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली में CRPF, BSF, ITBP, CISF, NDRF, NSG और SSB सहित विभिन्न केंद्रीय सुरक्षा बलों, पुलिस संगठनों और राज्य पुलिस के राइडर्स भाग ले रहे हैं। राजस्थान पुलिस के राइडर्स भी जयपुर में इस अभियान से जुड़े। इसमें कांस्टेबल से लेकर आईजी स्तर तक के अधिकारी शामिल हैं।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस वी.के. सिंह के अनुसार, रैली बुधवार शाम जयपुर पहुंची थी, जहां आमेर फोर्ट पर प्रतिभागियों का स्वागत किया गया। गुरुवार सुबह चौथी बटालियन RAC, पांचवीं बटालियन RAC और राजस्थान पुलिस अकादमी से राइडर्स अलग-अलग समूहों में अल्बर्ट हॉल पहुंचे।

Related Articles

Back to top button