‘झूठ बोलो, भागो और भ्रम फैलाओ…’ राहुल गांधी पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल का तीखा हमला
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर में राहुल गांधी की राजनीति पर निशाना साधते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की राजनीति झूठ, भ्रम और मुद्दों से पीछे हटने तक सीमित हो गई है। साथ ही, कांग्रेस के भीतर बीकानेर शहर अध्यक्ष के साथ हुई मारपीट की घटना पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और इसे शहर की परंपरा के खिलाफ बताया।
- राहुल गांधी पर अर्जुन राम मेघवाल का तीखा हमला
- अर्जुन राम ने ‘मोहब्बत की दुकान’ को लेकर साधा निशाना
- कांग्रेस के बीकानेर शहर अध्यक्ष से मारपीट की घटना की निंदा
Union Minister Arjun Ram Meghwal’s scathing attack on Rahul Gandhi : केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने गुरुवार को बीकानेर प्रवास के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की राजनीति अब झूठ बोलने, भ्रम फैलाने और सवालों से बचने तक सीमित होती जा रही है।
यह भी पढ़ें ; ‘डैमेज हुआ ही नहीं तो कंट्रोल कैसा?’ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का दो टूक जवाब
मेघवाल ने कहा कि किसी भी बयान या मुद्दे की पुष्टि नहीं करना और लंबे समय तक अपनी बात पर कायम नहीं रहना देश की राजनीतिक परंपरा का हिस्सा नहीं रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी बयान देते हैं, फिर उससे पीछे हट जाते हैं और लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा करते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी के चर्चित ‘मोहब्बत की दुकान’ वाले बयान पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ अब धीरे-धीरे बंद होने की स्थिति में है और उसका शटर डाउन हो रहा है।
मेघवाल ने इसके लिए बीकानेर में कांग्रेस के भीतर हुई मारपीट की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के ही कार्यकर्ताओं द्वारा बीकानेर शहर अध्यक्ष के साथ मारपीट किया जाना पार्टी के भीतर की स्थिति को दर्शाता है।
हालांकि, केंद्रीय मंत्री ने इस घटना की निंदा करते हुए इसे बीकानेर की परंपरा और संस्कृति के अनुरूप नहीं बताया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन दुर्व्यवहार और मारपीट किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
यह भी पढ़ें ; निष्पक्ष चुनाव के लिए एक्शन मोड में निर्वाचन आयोग, पर्यवेक्षकों को मिले सख्त निर्देश
मेघवाल ने कांग्रेस के जिला अध्यक्ष के खिलाफ हुई कथित बदसलूकी और मारपीट की घटना पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से राजनीतिक माहौल खराब होता है और बीकानेर की सामाजिक परंपरा पर भी इसका असर पड़ता है।



