जयपुर की सड़कों पर उतरेंगे केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, ‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा में सांसद मंजू शर्मा होंगी साथ
मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर पर कांग्रेस के आरोपों के जवाब में भाजपा पांच नवंबर को जयपुर में पदयात्रा निकालेगी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव इस अभियान के तहत गुलाबीनगर में पैदल मार्च करेंगे। सांसद मंजू शर्मा उनके साथ रहेंगी। रामलीला मैदान की सभा के बाद मार्च त्रिपोलिया गेट तक पहुंचेगा। दस हजार की भागीदारी का लक्ष्य है। जयपुर में ही।
- केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव जयपुर में पहली बार ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का करेंगे नेतृत्व।
- सांसद मंजू शर्मा के संयोजन में रामलीला मैदान से त्रिपोलिया गेट तक निकाला जाएगा सड़क पर पैदल मार्च।
- एसआईआर (SIR) पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए भाजपा देगी कांग्रेस के दावों का करारा जवाब।
Union Minister Ashwini Vaishnaw will take to the streets of Jaipur : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच भाजपा जयपुर में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी कर रही है। पार्टी 5 नवंबर को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा निकालेगी। केंद्रीय रेल एवं सूचना-प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। जयपुर सांसद मंजू शर्मा भी उनके साथ पैदल मार्च करेंगी। पार्टी ने आयोजन में 10 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा है।
कार्यक्रम की शुरुआत रामलीला मैदान में जनसभा से होगी। इसमें अश्विनी वैष्णव सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं और आमजन को संबोधित करेंगे। इसके बाद रामलीला मैदान से चौड़ा रास्ता होते हुए त्रिपोलिया गेट तक करीब सवा किलोमीटर की सांकेतिक पदयात्रा निकाली जाएगी।
यह भी पढ़ें ; पीएम-कुसुम योजना से 30 लाख किसानों को बड़ा फायदा, सोलर पंप से हर साल हो रही 1 लाख की बचत : पीएम मोदी
भाजपा इस आयोजन के जरिए एसआईआर को लेकर अपना पक्ष जनता तक पहुंचाना चाहती है। सांसद और कार्यक्रम संयोजक मंजू शर्मा का आरोप है कि कांग्रेस इस प्रक्रिया को लेकर भ्रामक दावे कर लोगों के बीच भ्रम फैला रही है और चुनावी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। उनका कहना है कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण पात्र मतदाताओं के अधिकार सुरक्षित रखने और सूची को अधिक विश्वसनीय बनाने की प्रक्रिया है।
त्योहार के बाजारों को ध्यान में रखकर छोटा रखा मार्ग
दीपावली के खरीदारी सीजन को देखते हुए भाजपा ने पदयात्रा का रास्ता सीमित रखने का फैसला किया है। त्योहार के दिनों में परकोटे के बाजारों में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में लंबा मार्च होने पर यातायात, दुकानदारों के कारोबार और आम लोगों की आवाजाही पर असर पड़ सकता था।
इसी वजह से पार्टी ने रामलीला मैदान से त्रिपोलिया गेट तक का छोटा मार्ग तय किया है। भाजपा की कोशिश है कि राजनीतिक संदेश भी लोगों तक पहुंचे और त्योहार के दौरान बाजारों की गतिविधियां भी प्रभावित न हों।
मंडल और वार्ड स्तर पर सौंपी गई जिम्मेदारियां
पदयात्रा की तैयारियों को लेकर हाल ही में भाजपा प्रदेश कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। इसमें सांसद मंजू शर्मा, प्रदेश महामंत्री एवं जयपुर संभाग प्रभारी श्रवण सिंह बगड़ी, विधायक कालीचरण सराफ, हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य, अभियान के प्रदेश संयोजक रामलाल शर्मा और जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल सहित पार्टी के कई पदाधिकारी शामिल हुए।
यह भी पढ़ें ; झुंझुनूं के दर्दनाक हादसे पर सीएम भजनलाल शर्मा ने जताया दुख, दिए त्वरित जांच और इलाज के कड़े निर्देश
बैठक में विधानसभा क्षेत्र, मंडल और वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदारियां बांटी गईं। मंडल अध्यक्षों, पार्षदों, पार्षद प्रत्याशियों और वार्ड प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में लाने की जिम्मेदारी दी गई है।
मंजू शर्मा लगातार बैठकों के जरिए तैयारियों की समीक्षा कर रही हैं। शहर के जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों के साथ भी समन्वय किया जा रहा है। भाजपा इस पदयात्रा को एसआईआर पर अपनी बात रखने और कांग्रेस के आरोपों का राजनीतिक जवाब देने के मंच के तौर पर देख रही है।



