हरियालो राजस्थान पर CM भजनलाल का बड़ा संदेश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हरियालो राजस्थान अभियान की समीक्षा करते हुए इस वर्ष 10 करोड़ से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य दोहराया। अब तक 7 करोड़ 58 लाख से ज्यादा पौधे लगाए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन पर लोगों से भाई-बहन के नाम एक पेड़ लगाने की अपील की और पौधों की देखभाल में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
- हरियालो राजस्थान अभियान के तहत 10 करोड़ से अधिक पौधारोपण का लक्ष्य।
- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रक्षाबंधन पर एक पेड़ लगाने की अपील की।
- पौधारोपण के बाद पौधों की देखभाल में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई।
Bhajanlal Sharma Reviews Hariyalo Rajasthan Campaign : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को हरियालो राजस्थान अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पौधारोपण अभियान को और गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्रदेश में 10 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जाएं और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ इस लक्ष्य को पूरा करें।
समीक्षा बैठक में बताया गया कि अभियान के तहत अब तक 7 करोड़ 58 लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने केवल पौधे लगाने तक अभियान को सीमित नहीं रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।
यह भी पढ़ें : पीएम मोदी ने बताया सुखी जीवन का मंत्र
मुख्यमंत्री ने त्योहारों के जरिए आम लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की बात कही। उन्होंने रक्षाबंधन के मौके पर प्रदेशवासियों से भाई-बहन के नाम एक पेड़ लगाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि ऐसे भाई-बहनों को सम्मानित भी किया जाए, जो रक्षाबंधन पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे। सरकार का उद्देश्य त्योहारों को सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी से जोड़कर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
यह भी पढ़ें : कृति के विज्ञापन पर कंगना की नाराजगी
भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को पौधों की निगरानी और देखभाल की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव जल संसाधन अभय कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय अखिल अरोड़ा, अतिरिक्त मुख्य सचिव वन एवं पर्यावरण आनंद कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अतिरिक्त मुख्य सचिव स्कूल शिक्षा राजेश कुमार यादव और शासन सचिव ग्रामीण विकास कृष्ण कुणाल सहित अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल हुए।



