100 दिन में बदलेंगे राजस्थान के शहर! CM भजनलाल का बड़ा निर्देश

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान के नगरीय निकायों के नवनिर्वाचित प्रमुखों से 100 दिनों के रोडमैप पर चर्चा की। उन्होंने दीपावली से पहले सफाई, सड़क, बिजली, स्ट्रीट लाइट, सीवरेज, नालियों और सौंदर्यीकरण के काम पूरे करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि निकायों में जिम्मेदारी सिर्फ पद नहीं, बल्कि जनसेवा का मिशन है और शहरों को विश्वस्तरीय बनाने के लिए योजनाबद्ध काम जरूरी है।

  • भजनलाल शर्मा ने 100 दिन में शहरों की सूरत बदलने का दिया लक्ष्य
  • राजस्थान के शहरों में सफाई, सड़क और सीवरेज व्यवस्था सुधारने के निर्देश
  • नगरीय निकायों से आय बढ़ाने और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की अपील

Bhajanlal Sharma Sets 100-Day Urban Development Target: जयपुर। राजस्थान के शहरों में विकास और बुनियादी सुविधाओं को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नगरीय निकायों के नवनिर्वाचित प्रमुखों को स्पष्ट लक्ष्य दिया है। मुख्यमंत्री निवास पर हुई बैठक में उन्होंने 100 दिनों के रोडमैप पर चर्चा करते हुए शहरों की व्यवस्थाओं में तेजी से सुधार लाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने खास तौर पर दीपावली से पहले शहरों की तस्वीर बदलने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सफाई, सड़क, बिजली, स्ट्रीट लाइट, सीवरेज, नालियों की मरम्मत, रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण से जुड़े काम एक महीने के भीतर पूरे किए जाएं। उनका कहना था कि आम लोगों को सरकारी योजनाओं का असर जमीन पर दिखाई देना चाहिए।

भजनलाल शर्मा ने नगरीय निकायों के प्रमुखों से नियमित रूप से अपने क्षेत्रों का दौरा करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी और तय समय में काम पूरा कराने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों में सिर्फ योजनाएं बनाना पर्याप्त नहीं है। सफाई, कचरा संग्रहण और निस्तारण, जलभराव, स्ट्रीट लाइट, पार्कों की देखभाल, आवारा पशु, अतिक्रमण और सीवरेज जैसी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर तेजी से समाधान होना चाहिए।

निकायों में पद नहीं, जनसेवा का मिशन

मुख्यमंत्री ने निर्वाचित प्रतिनिधियों को याद दिलाया कि नगरीय निकाय में जिम्मेदारी केवल एक पद नहीं है। यह जनता की सेवा करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को लोगों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनना होगा और उनके समाधान के लिए सक्रिय रहना होगा।

उन्होंने पार्षदों से वार्ड की सीमाओं से आगे सोचने की अपील की। सड़क, सीवरेज और दूसरी बुनियादी सुविधाओं की योजना सिर्फ वार्ड के हिसाब से नहीं, बल्कि पूरे शहर की जरूरत को ध्यान में रखकर तैयार करने पर जोर दिया गया।

निकायों की आय बढ़ाने पर भी जोर

भजनलाल शर्मा ने नगरीय निकायों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने को भी जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि निकायों को बेहतर वित्त प्रबंधन के साथ अपनी आय बढ़ाने के प्रयास करने चाहिए। साथ ही पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता देने तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने शहरों के विकास के लिए चरणबद्ध योजना तैयार करने की जरूरत बताई, ताकि अलग-अलग कामों के बीच बेहतर तालमेल बनाया जा सके और लंबे समय तक उसका फायदा लोगों को मिल सके।

केंद्र की योजनाओं का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने शहरी विकास के लिए स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी, अमृत योजना और स्मार्ट सिटी मिशन जैसी योजनाएं शुरू की हैं। इन योजनाओं के जरिए शहरों में आधुनिक सुविधाओं और तकनीक को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार शहरी क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों के लोगों को अकुशल श्रमिक के रूप में 125 दिन का रोजगार उपलब्ध करा रही है। इसके अलावा 188 नगरीय निकायों में एफएसटीपी स्थापित किए गए हैं और निशुल्क डीस्लजिंग सेवा उपलब्ध कराई जा रही है।

यह भी पढ़ें:चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष का मार्च, जंतर-मंतर पर कड़ा पहरा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य राजस्थान के शहरों को बेहतर सुविधाओं और सेवाओं के साथ विश्वस्तरीय बनाना है। इसके लिए नगरीय निकायों को सरकार की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा।

बैठक में नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा, नगर निगमों के महापौर, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, नगर निकायों के उप महापौर, सभापति, उप सभापति, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक से जुड़े।

Related Articles

Back to top button