भजनलाल का गहलोत पर हमला, कांग्रेस पर जमकर बरसे

पाली में निकाय चुनाव के रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार और विकास रोकने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने ढाई साल में संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत वादे पूरे किए और वन स्टेट-वन इलेक्शन को संभव कर कांग्रेस के दावों को गलत साबित किया।

  • भजनलाल शर्मा ने अशोक गहलोत और कांग्रेस पर भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधा।
  • वन स्टेट-वन इलेक्शन को लेकर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के पुराने दावों पर पलटवार किया।
  • कांग्रेस सरकार के मुकाबले भाजपा सरकार के विकास और रोजगार कार्यों का ब्यौरा रखा।

Bhajan Lal attacks Gehlot, lashes out fiercely at the Congress : निकाय चुनाव के बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को पाली में आयोजित रोड शो के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर भी हमला बोलते हुए कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने सरकार में कथित भ्रष्टाचार को लेकर आंखें बंद रखीं और अब भाजपा सरकार पर आरोप लगाने की राजनीति कर रहे हैं।

भजनलाल का गहलोत पर हमला, कांग्रेस पर जमकर बरसे
Image Source : Via X

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल में विकास को नई दिशा देने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने संकल्प पत्र में किए गए 78 प्रतिशत वादे ढाई साल में ही पूरे कर दिए हैं। शर्मा ने कांग्रेस नेताओं से आरोप-प्रत्यारोप के बजाय अपने शासनकाल के कामकाज पर जनता को जवाब देने को कहा।

भजनलाल का गहलोत पर हमला, कांग्रेस पर जमकर बरसे
Image Source : Via X

‘हमारे दो साल बनाम उनके पांच साल’ के मुद्दे का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा में जब भाजपा सरकार के कामकाज का प्रतिवेदन रखा गया तो कांग्रेस नेताओं ने बहस करने के बजाय सदन से दूरी बना ली। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के दो साल का काम कांग्रेस के पांच साल के कार्यकाल से कहीं अधिक है।

वन स्टेट-वन इलेक्शन पर भी कांग्रेस को घेरा

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेता पहले ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ को राजस्थान में असंभव बताते थे। उनके अनुसार कांग्रेस के शासन में निकाय और पंचायत चुनाव अलग-अलग समय पर होते रहे, जिससे बार-बार चुनावी प्रक्रिया में सरकारी संसाधनों और जनता के धन का इस्तेमाल हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने इस दिशा में कदम बढ़ाकर कांग्रेस के दावों को गलत साबित किया है।

यह भी पढ़ें ; युवा लीडर्स डायलॉग के लिए राजस्थान में 50 हजार से ज्यादा रजिस्ट्रेशन

शर्मा ने बिजली, रोडवेज, डेयरी और सहकारिता जैसे क्षेत्रों को लेकर भी कांग्रेस पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पारदर्शिता और सुशासन के साथ व्यवस्थाओं में सुधार कर रही है। मुख्यमंत्री के मुताबिक राजस्थान अब दूसरे राज्यों को बिजली देने की स्थिति में पहुंच गया है। रोडवेज में 1000 बसें खरीदी जा चुकी हैं, जबकि 1000 और नई बसें शामिल की जा रही हैं।

डेयरी क्षेत्र का आंकड़ा बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में दूध का उत्पादन 34 लाख लीटर से बढ़कर 47 लाख लीटर प्रतिदिन तक पहुंच गया है। मुख्यमंत्री ने इसे सरकार की नीतियों और व्यवस्थागत सुधार का परिणाम बताया।

पेपरलीक पर भी कांग्रेस को घेरा

रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने भाजपा के 4 लाख सरकारी नौकरियां और 6 लाख निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर देने के संकल्प पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में पेपरलीक की घटनाएं लगातार सामने आती थीं। इसके विपरीत भाजपा सरकार ने ढाई साल में बिना पेपरलीक के 1 लाख 89 हजार सरकारी नौकरियां देने का दावा किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस अवधि में 1 लाख 22 हजार परीक्षाएं आयोजित हो चुकी हैं और 70 हजार पदों पर नई भर्तियां भी जारी की गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना है।

यह भी पढ़ें ; खाचरियावास पर बगड़ी का पलटवार, बोले- हताशा में दे रहे बयान

रोड शो के बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की। उन्होंने चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क करने और भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में जनसमर्थन जुटाने का आह्वान किया। शर्मा ने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, सांसद पी.पी. चौधरी, केंद्रीय पर्यवेक्षक संगीता यादव, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button