भीलवाड़ा में सियासी पारा हाई, शनिवार को रोड शो करेंगे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 5 सितंबर को भीलवाड़ा पहुंचकर नगर निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो करेंगे। सांगानेरी गेट से शुरू होने वाला रोड शो बड़ा मंदिर होते हुए महाराणा टॉकीज चौराहे तक जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री भाजपा कार्यालय में संगठनात्मक बैठक लेकर चुनावी तैयारियों और रणनीति पर चर्चा करेंगे।
- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को भीलवाड़ा पहुंचकर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में विशाल रोड शो करेंगे।
- श्री दूधाधारी गोपाल मंदिर से शुरू होकर यह रोड शो महाराणा टॉकीज चौराहे तक निकाला जाएगा।
- संगठनात्मक बैठक के जरिए सीएम पार्टी पदाधिकारियों के साथ निकाय चुनाव की तैयारियों और रणनीति की समीक्षा करेंगे।
Chief Minister Bhajanlal Sharma will hold a roadshow on Saturday : नगर निकाय चुनाव को लेकर भीलवाड़ा में सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार, 5 सितंबर को शहर में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पार्टी स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें ‘; राजस्थान के हाइवे ने ‘ग्रीन हाईवेज एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026’ में मारी बाजी, देश में मिला तीसरा स्थान
भाजपा जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया के मुताबिक रोड शो सुबह 11 बजे सांगानेरी गेट स्थित श्री दूधाधारी गोपाल मंदिर से शुरू होगा। यहां से मुख्यमंत्री का काफिला बड़ा मंदिर होते हुए महाराणा टॉकीज चौराहे तक पहुंचेगा। रोड शो में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जिले के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और पार्षद प्रत्याशी भी शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा की अध्यक्षता में बैठक भी हुई। इसमें सांसद दामोदर अग्रवाल, नगर निगम प्रभारी वीरमदेव सिंह, जिला संगठन सह प्रभारी मिठूलाल जाट, विधायक अशोक कोठारी और उदयलाल भडाना समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बैठक में रोड शो के रूट, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और मुख्यमंत्री के अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा की गई। पार्टी नेताओं ने चुनाव प्रचार के दौरान अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय पदाधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी मंथन किया।
यह भी पढ़ें ; कृष्ण जन्मोत्सव पर उमड़ा जनसैलाब : गोविंददेव जी मंदिर के बाहर लगी डेढ़ किमी लंबी कतार
भाजपा के अनुसार मुख्यमंत्री भीलवाड़ा नगर निगम के साथ जिले की 10 नगर पालिकाओं के पार्टी प्रत्याशियों के लिए चुनावी माहौल बनाएंगे। रोड शो के बाद मुख्यमंत्री भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे। यहां पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक प्रस्तावित है। बैठक में निकाय चुनाव की तैयारियों और आगे की रणनीति पर चर्चा होगी।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री सुबह 10:50 बजे जयपुर से रवाना होंगे और करीब 11:50 बजे भीलवाड़ा पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद रोड शो सहित निर्धारित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 2:10 बजे भीलवाड़ा से उदयपुर के लिए रवाना होंगे।
यह भी पढ़ें ; जयपुर में SBI Life का नया ठिकाना, ग्राहकों की पहुंच होगी आसान
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। पार्टी के लिए यह रोड शो निकाय चुनाव के प्रचार अभियान को गति देने के साथ स्थानीय स्तर पर संगठन की ताकत दिखाने का भी अहम मौका माना जा रहा है।



