भारत टैक्सी को रफ्तार देने की तैयारी, मुख्य सचिव ने खुद बुक की राइड

जयपुर में भारत टैक्सी की सेवाओं को बेहतर बनाने और राइड की संख्या बढ़ाने के लिए मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। अगले दो महीने में प्रतिदिन 5,000 राइड का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए मार्केटिंग, ड्राइवर प्रोत्साहन, दैनिक मॉनिटरिंग और यात्रियों के अनुभव में सुधार पर विशेष जोर दिया गया।

  • भारत टैक्सी: मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने खुद ऐप का जायजा लेकर सेवाओं में सुधार के निर्देश दिए।
  • 5,000 राइड का लक्ष्य: अगले दो महीने में जयपुर में प्रतिदिन 5,000 राइड तक पहुंचने की तैयारी।
  • 53,766 ड्राइवर पंजीकृत: भारत टैक्सी के प्रचार, इंसेंटिव मॉडल और दैनिक समीक्षा पर रहेगा फोकस।

Bharat Taxi Jaipur Targets 5,000 Daily Rides : राजस्थान में भारत टैक्सी की सेवाओं को लोकप्रिय बनाने और यात्रियों को सुरक्षित, भरोसेमंद व किफायती परिवहन उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने प्रयास तेज करने की तैयारी की है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने रविवार को नेहरू सहकार भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को राइड की संख्या बढ़ाने और सेवा की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि भारत टैक्सी को प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए केवल प्रचार ही नहीं, बल्कि यात्रियों के अनुभव और ड्राइवरों की भागीदारी पर भी ध्यान देना होगा। उन्होंने अपने मोबाइल फोन पर भारत टैक्सी ऐप देखा और इसकी कार्यप्रणाली का जायजा लिया। साथ ही, ऐप के इस्तेमाल को आसान बनाने और हर राइड की समीक्षा करने पर जोर दिया।

यह भी पढे : चंबल में अवैध बजरी खनन पर सीएस की दो टूक, बोले- कड़ाई से रोको अवैध धंधा, 21 को होगी बड़ी बैठक

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को अगले दो महीने में प्रतिदिन 5,000 राइड का लक्ष्य हासिल करने के लिए समर्पित टीम बनाने को कहा। उन्होंने ड्राइवरों के लिए प्रभावी प्रोत्साहन योजना तैयार करने और अगले 15 दिनों में व्यापक मार्केटिंग रणनीति बनाकर उसे लागू करने के निर्देश भी दिए।

भारत टैक्सी के प्रचार को बढ़ावा देने के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर स्टैंडी लगाने के साथ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की मदद लेने की योजना पर भी जोर दिया गया। जयपुर नगर निगम के सहयोग से प्रचार अभियान को गति देने और पुलिस, परिवहन, डेयरी सहित संबंधित विभागों के साथ बेहतर तालमेल बनाने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढे : वन-वे ट्रैफिक से खफा जयपुर के व्यापारी, हवा महल के सामने 400 दुकानें बंद कर किया जोरदार प्रदर्शन

सेवाओं की निगरानी के लिए मुख्य सचिव ने दैनिक मॉनिटरिंग, पोर्टल पर नियमित प्रगति रिपोर्ट और व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए रोजाना समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सारथियों यानी ड्राइवरों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने और तय लक्ष्यों की प्रगति का आकलन करते हुए जरूरत के अनुसार सुधार करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि जयपुर में भारत टैक्सी के साथ फिलहाल 53,766 ड्राइवर पंजीकृत हैं। अधिकारियों को इस संख्या का लाभ उठाते हुए राइड बढ़ाने के लिए ठोस और परिणामोन्मुखी कदम उठाने को कहा गया।

बैठक में सहकारिता विभाग के शासन सचिव डॉ. समित शर्मा, राजफेड के एमडी सौरभ स्वामी, ट्रांसपोर्ट कमिश्नर पुरुषोत्तम शर्मा, नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा और आरसीडीएफ की एमडी श्रुति भारद्वाज समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button