ध्वजारोहण के साथ 107वें श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेले का आगाज

भरतपुर में 107वें श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेले की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने मेले को राजस्थान की संस्कृति, परंपराओं और रोजगार का अहम केंद्र बताया। देशभर से व्यापारी और पशुपालक यहां पहुंचे हैं। इस बार मेले की आय अब तक 1.17 करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है, जबकि पिछले साल कुल आय 92 लाख रुपये रही थी।

  • 107वां जसवंत मेला : भरतपुर में ध्वजारोहण के साथ ऐतिहासिक मेले का शुभारंभ।
  • श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेला : अब तक 1.17 करोड़ रुपये से अधिक की आय दर्ज।
  • भरतपुर पशु मेला : कुश्ती दंगल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झूले और पारंपरिक लोककलाएं रहेंगी आकर्षण।

107th Shri Jaswant Exhibition and Cattle Fair begins with a flag-hoisting ceremony : भरतपुर जिला मुख्यालय पर गुरुवार को 107वें श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेले की शुरुआत हुई। ध्वजारोहण, पूजा-अर्चना और फीता खोलकर मेले का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में गृह राज्य एवं पशुपालन राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, जिला कलक्टर कमर चौधरी और मेयर अनुराधा सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

ध्वजारोहण के साथ 107वें श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेले का आगाज
Image Source : Via Dipr

पूर्वी राजस्थान की पहचान बन चुके इस मेले में राजस्थान के अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा से भी व्यापारी, पशुपालक और आम लोग पहुंच रहे हैं। यहां खरीदारी के साथ पशुपालन, लोकसंस्कृति और मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियों का भी खास आकर्षण रहता है।

पिछले साल से ज्यादा हुई मेले की कमाई

मेले के आयोजन को लेकर इस बार व्यापारिक गतिविधियां भी चर्चा में हैं। मेला अधिकारी एवं पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. अरविंद चौधरी के मुताबिक, पिछले वर्ष मेले से 92 लाख रुपये की आय हुई थी, जबकि इस बार अब तक 1 करोड़ 17 लाख 98 हजार रुपये से अधिक की आय दर्ज की जा चुकी है।

यह भी पढ़ें ; राजस्थान में मूंगफली बीजों की जांच में बड़ा खुलासा, 15 में 14 नमूने फेल

उन्होंने बताया कि यह मेला वर्ष 1920 में महाराजा किशन सिंह ने अपने दादा महाराजा जसवंत सिंह की स्मृति में शुरू कराया था। वर्ष 1963 से इसे प्रतिवर्ष राज्य स्तरीय मेले के रूप में आयोजित किया जा रहा है। आज यह आयोजन व्यापार, पशुपालन और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण स्थान रखता है।

संस्कृति और रोजगार का संगम है मेला : जवाहर सिंह बेढम

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि मेले हमारी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को जीवित रखने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा करते हैं। ऐसे आयोजनों से व्यापारियों को कारोबार का मंच मिलता है और लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों का सामान एक ही जगह उपलब्ध हो जाता है।

उन्होंने कहा कि पहले भी यह मेला किसानों और पशुपालकों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार मेलों की ऐतिहासिक पहचान बनाए रखने और उनके संरक्षण के लिए प्रयास कर रही है।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा, व्यापारियों की सुविधाओं और मनोरंजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल प्रतियोगिताओं की परंपरा को भी बनाए रखने पर जोर दिया।

जलभराव से राहत और मेला मैदान के सौंदर्यीकरण की तैयारी

जिला कलक्टर कमर चौधरी ने बताया कि मेला मैदान में सुविधाएं बढ़ाने और व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए काम किया जा रहा है। मैदान में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नाला निर्माण का कार्य प्रगति पर है।

उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए नुमाइश मैदान का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही आने वाले समय में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी योजनाएं तैयार की गई हैं।

कुश्ती से नौटंकी तक, मेले में होंगे कई आकर्षण

इस बार मेले में पारंपरिक लोककलाओं और मनोरंजन के कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दर्शकों के लिए भजन, जकड़ी, नौटंकी और ढोला गायन के साथ राष्ट्रीय स्तर का कुश्ती दंगल, रावण दहन और सांस्कृतिक संध्याएं भी रखी जाएंगी।

मेले में झूले, सर्कस, मौत का कुआं, ब्रेक डांस, ड्रैगन राइड, नाव और जादू जैसे आकर्षण भी लोगों को लुभाएंगे। आयोजकों के अनुसार, इन गतिविधियों के जरिए मेले के पारंपरिक रंग और मनोरंजन के आधुनिक साधनों को एक साथ प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें ; पंचायत चुनावों को लेकर राज्यवर्धन राठौड़ का संदेश, गांवों के विकास पर जोर

कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त निदेशक पशुपालन खुशीराम मीना ने अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का आभार जताया। समारोह में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मृदुल सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर राहुल सैनी और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button