युवा चेहरों पर BJP का दांव? मदन राठौड़ ने दिया बड़ा संकेत
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने जोधपुर में युवा संवाद के दौरान कहा कि युवा शक्ति विकसित राजस्थान और राष्ट्र निर्माण की अहम ताकत है। उन्होंने संकेत दिया कि आगामी स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों में सक्रिय, जनसंपर्क रखने वाले नए एवं युवा चेहरों को अवसर देने पर पार्टी विचार कर सकती है। कार्यक्रम में युवाओं ने रोजगार, कौशल, शिक्षा और संगठन से जुड़े सुझाव रखे।
- स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों में नए चेहरों पर विचार।
- युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर जोर।
- रोजगार, कौशल, शिक्षा और संगठन में भागीदारी पर चर्चा।
BJP Eyes Young Faces in Local Elections : भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार राजस्थान के विकास को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी सिर्फ नौकरी या अवसर तलाशने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक और राष्ट्रीय विकास में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है।
जोधपुर के डिगाड़ी स्थित माउंट कार्मेल स्कूल में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में राठौड़ ने युवाओं से सीधे बातचीत की। इस दौरान उन्होंने युवाओं के विचार और सुझाव सुने। शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, स्वरोजगार और संगठन में युवाओं की भागीदारी जैसे मुद्दे चर्चा के केंद्र में रहे।
यह भी पढ़ें ; राजस्थान में हर 10 KM पर मिलेगी हेल्थ क्लिनिक, 600 नए सब-सेंटर और भर्ती का मास्टर प्लान
राठौड़ ने कहा कि भाजपा आगामी स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों में नए तथा युवा चेहरों को अवसर देने पर विचार करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे युवाओं को आगे लाने पर ध्यान दिया जाएगा, जो अपने क्षेत्र में सक्रिय हों, लोगों से सीधा संपर्क रखते हों और सेवा भावना के साथ सार्वजनिक जीवन में काम करना चाहते हों। उन्होंने पार्टी के लिए संगठन के प्रति समर्पण, जनसेवा और सक्रियता को महत्वपूर्ण बताया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने युवाओं से ‘विकसित भारत–विकसित राजस्थान’ के लक्ष्य में भागीदार बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और राजस्थान की भाजपा सरकार युवाओं के लिए कौशल, आत्मनिर्भरता और अवसरों से जुड़े प्रयास कर रही हैं।
‘युवा’ और ‘नई पीढ़ी’ शब्दों पर जोर
कार्यक्रम के दौरान राठौड़ ने ‘Gen-Z’ जैसे शब्दों के बजाय भारतीय संदर्भ से जुड़े ‘युवा’, ‘युवक’ और ‘नई पीढ़ी’ जैसे शब्दों के इस्तेमाल की बात कही। उन्होंने कहा कि भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं है, बल्कि उससे संस्कृति और पहचान भी जुड़ी होती है। इसलिए अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े शब्दों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को रचनात्मक भूमिका निभाने के बजाय विरोध की राजनीति में अधिक रुचि दिखाई देती है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की संगठनात्मक मेहनत और जनता के बीच उनकी सक्रियता का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि जोधपुर सहित प्रदेश के अलग-अलग नगरीय क्षेत्रों में संगठन की गतिविधियों से भाजपा को मजबूती मिली है। उनके मुताबिक कार्यकर्ताओं की सक्रियता और लगातार किए जा रहे संगठनात्मक प्रयास पार्टी के विस्तार में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
वरिष्ठ नेताओं ने युवाओं को बताया अहम कड़ी
पूर्व राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को संगठनात्मक गतिविधियों तथा सामाजिक सरोकारों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं को समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सक्रिय होकर जनसेवा के काम आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने युवाओं से शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और नवाचार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजस्थान के विकास में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं और सरकार की योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें ; जयपुर को मिलेगी नई रफ्तार : 575 करोड़ के मेगा प्रोजेक्ट्स से बदलेगी गुलाबी नगरी की तस्वीर
जोधपुर नगर निगम महापौर प्रसन्नचंद मेहता ने नगरीय विकास में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने स्वच्छता, पर्यावरण, डिजिटल सेवाओं और सामाजिक जागरूकता जैसे क्षेत्रों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की बात कही।
भाजपा जोधपुर शहर जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल ने कहा कि युवा संवाद जैसे कार्यक्रमों से संगठन और युवाओं के बीच सीधा संपर्क मजबूत होता है। वहीं, पूर्व जिला प्रमुख पुनाराम चौधरी ने ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत स्तर पर युवा नेतृत्व की जरूरत पर जोर दिया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक कमसा मेघवाल सहित भाजपा के कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्यजन मौजूद रहे। युवाओं ने स्थानीय स्तर पर रोजगार और अवसरों के साथ संगठन में अपनी भूमिका से जुड़े सुझाव भी रखे।



