निकाय चुनाव नतीजे : जयपुर समेत 4 निगमों में बीजेपी का दबदबा, बीकानेर में कांग्रेस

राजस्थान के 10 नगर निगमों के चुनाव परिणामों में भाजपा ने चार निगमों में मेयर बनाने की स्थिति मजबूत कर ली है। कांग्रेस को बीकानेर में स्पष्ट बहुमत मिला, जबकि पाली, अजमेर, भरतपुर और जोधपुर में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका अहम हो गई। अलवर में भाजपा और पाली-अजमेर में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। जयपुर में चार वार्डों का परिणाम अभी बाकी है।

  • 4 नगर निगमों में भाजपा का मेयर बनने का रास्ता साफ
  • बीकानेर में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत, निर्दलीय किंगमेकर
  • जयपुर में 146 वार्ड के नतीजे घोषित, 4 का परिणाम बाकी

BJP Gains Edge in Rajasthan Civic Polls : जयपुर समेत राजस्थान के 10 नगर निगमों के चुनाव परिणाम सोमवार को सामने आ गए। नतीजों ने कई जगह सियासी तस्वीर साफ कर दी, तो कुछ निगमों में निर्दलीय पार्षदों की ताकत बढ़ गई है। जयपुर, उदयपुर, भीलवाड़ा और कोटा में भाजपा मेयर बनाने की स्थिति में है। वहीं बीकानेर में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है।

यह भी पढ़ें ; कोणार्क से पुरी तक: जहां पत्थरों में इतिहास और आस्था में आज भी धड़कता है ओडिशा

पाली, अजमेर, भरतपुर और जोधपुर में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका किंगमेकर जैसी हो गई है। पाली और अजमेर में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी रही, जबकि अलवर में भाजपा सबसे ज्यादा सीटों के साथ आगे रही। जोधपुर में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला बेहद करीबी रहा, जबकि भरतपुर में निर्दलीय प्रत्याशियों ने मजबूत प्रदर्शन किया।

जयपुर में भाजपा को बढ़त, चार वार्डों का परिणाम अटका

जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में से 146 के परिणाम घोषित हो चुके हैं। इनमें भाजपा ने 78, कांग्रेस ने 53 और निर्दलीय प्रत्याशियों ने 15 सीटों पर जीत दर्ज की। ईवीएम से जुड़ी तकनीकी समस्या के चलते चार वार्डों के परिणाम फिलहाल रोक दिए गए हैं। इन वार्डों के पांच बूथों पर री-पोलिंग होगी, हालांकि इसकी तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।

जयपुर में चुनाव के दौरान कुछ नतीजों ने खासा ध्यान खींचा। वार्ड 113 से कांग्रेस प्रत्याशी गजनफर अली ने 10,014 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। इसे जयपुर में सबसे बड़ी जीत में से एक माना जा रहा है।

वहीं हॉट सीट माने जा रहे वार्ड 112 में पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल को हार का सामना करना पड़ा। वार्ड 35 से भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता विमल कटियार भी 1,461 वोटों से चुनाव हार गए।

जोधपुर में युवा चेहरे ने चौंकाया

जोधपुर के परिणामों में भी कई दिलचस्प तस्वीरें सामने आईं। वार्ड 51 से महज 21 साल की कांग्रेस प्रत्याशी सरस्वती प्रजापत ने जीत हासिल की। दूसरी ओर वार्ड 42 में कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष ओंकार वर्मा को 279 वोटों से हार मिली।

वार्ड 28 से फुटबॉल के नेशनल प्लेयर और भाजपा प्रत्याशी विकास राघवानी ने जीत दर्ज की। वार्ड 99 में कांग्रेस की पूर्व मेयर कुंती देवड़ा को भाजपा की निकिता ने हरा दिया।

उदयपुर में राजनीतिक परिवारों का असर

उदयपुर में भी कई चर्चित नामों से जुड़े प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। वार्ड 73 से पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास के भाई की बहू डॉ. हितांशी शर्मा विजयी रहीं। कांग्रेस के उदयपुर शहर अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ की पत्नी डॉ. पूनम कुंवर ने वार्ड 17 से चुनाव जीता।

इसी तरह पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया के दोनों दामादों के भाई अतुल चंडालिया और आकाश वागरेचा ने भी जीत दर्ज की। अतुल चंडालिया वार्ड 78 और आकाश वागरेचा वार्ड 5 से विजयी हुए।

यह भी पढ़ें ; नगर निगम चुनाव : जयपुर में बीजेपी का बोर्ड, 78 वार्ड में जीत

कुल मिलाकर राजस्थान के नगर निगम चुनाव परिणामों ने भाजपा को कई बड़े निगमों में बढ़त दी है, लेकिन चार निगमों में निर्दलीय पार्षदों की स्थिति आने वाले समय में महत्वपूर्ण रहेगी। वहीं, जिन वार्डों में री-पोलिंग होनी है, उनके परिणाम आने के बाद कुछ जगह तस्वीर में बदलाव की संभावना भी बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button