राहुल गांधी को मदन राठौड़ की खुली चुनौती… ‘हिम्मत है तो संसद में करें बहस, भाजपा विशेष सत्र बुलाने को तैयार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए ईवीएम, एसआईआर और घुसपैठ जैसे मुद्दों पर संसद में चर्चा की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा इन विषयों पर विशेष सत्र बुलाने के लिए तैयार है। राठौड़ ने कांग्रेस पर चुनाव प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने और राजनीतिक लाभ लेने के आरोप भी लगाए।
- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का बड़ा बयान, कहा—ईवीएम, एसआईआर और घुसपैठ पर संसद में बहस को तैयार भाजपा।
- राहुल गांधी को मदन राठौड़ की खुली चुनौती, ‘नेता प्रतिपक्ष’ के बजाय ‘नेता प्रोपेगेंडा’ की तरह काम कर रहे हैं कांग्रेस नेता।
- लोकतंत्र में चर्चा का सबसे बड़ा मंच संसद है, सड़क पर अराजकता फैलाने के खिलाफ भाजपा का ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान जारी।
BJP ready for debate in Parliament on EVMs and VVPATs : राजस्थान भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद मदन राठौड़ ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि संसद में सक्रिय भूमिका नहीं निभाने वाले राहुल गांधी का बहस की चुनौती देना समझ से परे है। राठौड़ ने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद राहुल गांधी की भूमिका संसद में मुद्दे उठाने के बजाय राजनीतिक प्रचार तक सीमित होती जा रही है।
यह भी पढ़ें ; गोविंददेवजी के दर्शन के बाद पदयात्रा में उतरेंगे अश्विनी वैष्णव
राठौड़ ने कहा कि भाजपा ईवीएम, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और घुसपैठ जैसे मुद्दों पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है। जरूरत पड़ने पर पार्टी संसद का विशेष सत्र बुलाने के पक्ष में भी है। उन्होंने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें इन विषयों पर चर्चा करने का साहस है तो उन्हें सदन में आकर अपनी बात रखनी चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में जनता से जुड़े सवालों पर चर्चा करने का सबसे उचित मंच संसद है। सड़क पर फैसले लेने की बात लोकतांत्रिक व्यवस्था के बजाय अराजकता को बढ़ावा दे सकती है। उन्होंने बताया कि इसी संदेश के साथ भाजपा देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान चला रही है।
यह भी पढ़ें ; जियो का नया धमाका! 15 रुपये में 24 घंटे अनलिमिटेड 5G डेटा
इस दौरान राठौड़ ने कांग्रेस के इतिहास का जिक्र करते हुए पार्टी पर पुराने चुनावों में भी अनुचित तरीके अपनाने के आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि आजादी के बाद हुए शुरुआती चुनावों में मौलाना अबुल कलाम आजाद को जिताने और डॉ. भीमराव आंबेडकर को हराने के लिए कांग्रेस ने कथित तौर पर गलत हथकंडे अपनाए थे। उनके अनुसार, बाबा साहब के पक्ष में पड़े वैध मतों को खारिज किया गया, जबकि आजाद के समर्थन में विपक्ष के वोट भी कांग्रेस के पक्ष में डलवाए गए।
राठौड़ ने कहा कि जिस कांग्रेस पर वह खुद चुनावी प्रक्रिया में अनुचित तरीके अपनाने का आरोप लगा रहे हैं, उसका आज वोट चोरी का मुद्दा उठाना विरोधाभासी है। उन्होंने कांग्रेस पर बेबुनियाद आरोप लगाकर राजनीतिक फायदा लेने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया।



