पीएम मोदी के जन्मदिन पर जगमगाएगा राजस्थान, ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जलेंगे आशीर्वाद के दीये
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर राजस्थान भाजपा 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू करेगी। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के अनुसार अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसकी शुरुआत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। एक महीने के दौरान स्कूलों, गांवों और बूथ स्तर पर सेवा, जनभागीदारी, जागरूकता और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
- पीएम मोदी के जन्मदिन पर जगमगाएगा राजस्थान – बूथ स्तर से लेकर हर घर में शाम 7 बजे प्रज्वलित किए जाएंगे ‘आशीर्वाद के दीये’।
- ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे एक महीने चलेंगे सामाजिक और शैक्षणिक कार्यक्रम।
- स्कूलों में जलेंगे आशीर्वाद के दीये और आयोजित होंगी चित्रकला प्रतियोगिताएं, हैकाथॉन व ‘सेवा सेतु’ जैसी विशेष पहलें।
Rajasthan to light up on PM Modi’s birthday : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी पूरे प्रदेश में एक महीने का विशेष सामाजिक उत्सव मनाने जा रही है। 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य पीएम मोदी की पिछले 25 वर्षों की अविरल जनसेवा और राष्ट्रसेवा की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाना है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए पूरे राजस्थान में इसे उत्साहपूर्वक आयोजित करने की बात कही है।
यह भी पढ़ें ; ‘लखपति दीदी’ के लिए योजनाओं का नया प्लान
स्कूलों में ‘विकसित भारत’ पर होंगी प्रतियोगिताएं
अभियान के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक राज्य के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में विशेष शैक्षणिक व सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन होगा। भाजपा कार्यकर्ता पंचायत और वार्ड स्तर पर स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों को ‘विकसित भारत’ की संकल्पना और पीएम मोदी के सेवा कार्यों से अवगत कराएंगे। इस दौरान स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, हैकाथॉन, ’25 साल 25 कहानियां’ और ‘कहानी बदलाव की’ जैसे रचनात्मक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
शाम 7 बजे प्रज्वलित होंगे ‘आशीर्वाद के दीये’
मदन राठौड़ ने बताया कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे प्रदेशभर के कार्यकर्ता और आम नागरिक अपने घरों, चौपालों और सार्वजनिक स्थानों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएंगे। बूथ समितियों के सदस्य विशेष रूप से सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घर जाकर यह दीया प्रज्वलित करवाएंगे, जिससे प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की कामना की जाएगी।
यह भी पढ़ें ; राजस्थान के किसानों के खाते में आएंगे 156 करोड़, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का बड़ा फैसला
सामाजिक जुड़ाव के लिए कई अनूठी पहलें
एक महीने तक चलने वाले इस वृहद अभियान में ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’ और ‘आंगन का मिलन’ जैसे विविधतापूर्ण सामाजिक कार्यक्रम शामिल हैं। राठौड़ ने प्रदेशवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे ‘संकल्प से सेवा और सेवा से सुशासन’ के इस पावन अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराएं।



